sportsjharkhand.com टीम
रांची
इलेवन गोरखा रेजिमेंट लखनऊ ने बेड़ो के जरिया नहरटोली में खेले गए ऑल झारखंड फुटबॉल प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमाया। रविवार को खेले गए फाइनल मैच में इलेवन गोरखा रेजिमेंट लखनऊ ने संत जॉन फुटबॉल अकादमी रांची को एक रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में 1-0 से पराजित कर दिया। विजेता टीम को ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा, आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल गोप, कोषाध्यक्ष संतोष लकड़ा व सचिव अजित लकड़ा ने 1 लाख 10 हज़ार रुपए नकद व ट्रॉफी तथा उपविजेता को जरिया पंचायत की मुखिया उर्मिला देवी व बिशु उरांव ने 80 हजार रुपए नकद व ट्रॉफी प्रदान किया।इससे पहले रविवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में इलेवन गोरखा रेजिमेंट लखनऊ ने राहुल ब्रदर्स को पेनाल्टी शूट में 5-3 से और दूसरे सेमीफाइनल में संत जॉन फुटबॉल अकादमी रांची ने एलेवन स्टॉर नेहालो को 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनायी। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सह सचिव पवन बड़ाईक, गंदूर घोष, राहुल एक्का, बसंत एक्का, अनिल गोप, ब्रजेश महतो सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मनीष तमांग बने फुटबॉलर ऑफ दी टूर्नामेंट
लखनऊ के मनीष तमांग को फुटबॉलर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया और फाइनल मैच के मैन ऑफ दी मैच का पुरस्कार लखनऊ के ही करण राय को प्रदान किया गया।







