पूर्व रणजी क्रिकेटर आदिल हुसैन को ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने स्पोर्ट्स एक्सचेंज कार्यक्रम के लिए बुलाया है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए द्रोणाचार्य अवार्डी पुलेला गोपीचंद समेत देश की 12 नामचीन हस्तियों को ऑस्ट्रेलियाई सरकार का बुलावा आया है। इन हस्तियों में साई के निदेशक संजय सारस्वत, साई के क्षेत्रीय निदेशक राधिका श्रीमान, तमिलनाडु खेल विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार, मणिपुर खेल विभाग के कमिश्नर एच दिलीप सिंह, हरयाणा खेल विभाग के सहायक मुख्य सचिव के के खंडेलवाल, सुखवीर ग्रेवाल, भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजिव मेहता, बास्केटबॉल संघ के आलोक शर्मा और एथलेटिक्स संघ के मनीष कुमार शामिल हैं। आदिल हुसैन ऑस्ट्रेलिया के लिए कल दोपहर दिल्ली से 1.30 बजे फ्लाइट पकड़ेंगे। टीम ऑस्ट्रेलिया में सिडनी, कैनबेरा और गोल्ड कोस्ट का दौरा करेगी और 10 अक्टूबर को वापस लौटेगी। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया में चल रहे विभिन्न खेल कार्यक्रमों, स्कूलों, कॉलेजों और खेल प्रशिक्षण संस्थानों के भ्रमण का भी कार्यक्रम है।
आदिल हुसैन ने sportsjharkhand.com से विशेष बातचीत में कहा कि ये मेरे लिए गौरव की बात है कि मेरा चयन स्पोर्ट्स एक्सचेंज कार्यक्रम के लिये हुआ है। ऑस्ट्रेलिया खेल तकनीक में हमसे काफी आगे है और इस दौरे के दौरान इस पहलु पर भी ज़्यादा से ज़्यादा जानकारी जुटाने की कोशिश करूँगा।







