sportsjharkhand.com टीम
रांची
लोढ़ा कमिटी की सिफारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आलोक में अध्यक्ष पद गँवानेवाले अमिताभ चौधरी की मौजूदगी में गुरुवार को हुयी JSCA की मैनेजमेंट कमिटी की बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव का मनोनयन किया गया। यही नहीं इस बैठक में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद JSCA से बाहर हो चुके संजय सिंह, दिनेश उपाध्याय और राजेश वर्मा बॉबी भी मैनेजमेंट कमिटी की बैठक में मौजूद थे। JSCA के नियमों के अनुसार SC के फैसले के बाद बाहर हो चुके और इस्तीफा दे चुके सदस्यों को इस बैठक में बैठने का कोई औचित्य नहीं था, लेकिन JSCA में ऐसा ही हुआ, और कोषाध्यक्ष को छोड़कर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव का मनोनयन किया गया और देर शाम BCCI का काम देख रही कमिटी (सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त) को भी इसकी सूचना मेल के ज़रिये भेज दी गयी।
कोर्ट के आदेश के बार बाहर हो चुके अमिताभ चौधरी और उनके चट्टे-बट्टे इस बैठक में क्यों मौजूद रहे ? ये सबसे बड़ा सवाल है, जिसका जवाब JSCA को ही देना होगा। नयी कमिटी में अपने प्यादों को जगह दिलाने के लिए ही संभवतः ऐसा किया गया हो ! जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
अमिताभ ने ही सभी पदों पर मनोनयन का रखा प्रस्ताव !
JSCA में एक कहावत बड़ा मशहूर है खाता न बही जे अमिताभवा कहलउ उहे सही। JSCA सूत्रों की मानें तो इसी कहावत को चरितार्थ करते हुए बैठक में मौजूद अमिताभ चौधरी ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद के लिए जिन नामों का प्रस्ताव रखा। सदस्यों ने हामी भरने में किसी भी तरह का कोई विलम्ब नहीं किया।
फोन बाहर रखकर बैठक में आने का फरमान !
JSCA में बदली हुई परिस्थितियों में सदस्यों के बीच विश्वास की कमी झलकने लगी है। बैठक में घुसने से पहले ही सभी मैनेजमेंट सदस्यों और इस्तीफा दे चुके सदस्यों को मोबाइल फ़ोन बाहर रखकर आने का फरमान सुनाया गया। मालिक का आदेश होते ही प्यादों ने फ़ोन बाहर रखकर बैठक कक्ष में प्रवेश किया। इसके बाद 10-15 मिनट तक विरोधियों को खरी-खोटी सुनाने के बाद मैनेजमेंट कमिटी की बैठक हुई और फैसले लिए गए। इस दौरान बाहर हो चुके अमिताभ चौधरी, संजय सिंह, दिनेश उपाध्याय और राजेश वर्मा बॉबी पुरे समय वहां मौजूद रहे।







