sportsjharkhand.com टीम
रांची
ताईक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) के अध्यक्ष चेतन आनंद के कुशल नेतृत्व में पिछले एक माह के अंदर AGM की तिथि और जगह तीन बार बदल चुकी हैं। तीनों बार AGM का एजेंडा और लेटर पैड का हेड भी बदल गया। 29 जून की तिथि से जारी अपने तीसरे पत्र में TFI अध्यक्ष चेतन आनंद ने AGM की नई तिथि 29 जुलाई मुकर्रर की है और अब भुवनेश्वर की बजाय दिल्ली में ही बैठक कराने का नया फरमान जारी किया गया है।
पता हो कि चेतन आनंद ने 25 मई को जारी पत्र में 8 जुलाई को दिल्ली में AGM कराने की घोषणा की थी जबकि 23 जून को जारी दूसरे पत्र में 23 जुलाई की तिथि तय की गई और जगह दिल्ली की बजाय भुवनेश्वर कर दिया गया। अब अध्यक्ष का तीसरा पत्र जारी हुआ है और इसमें AGM की तिथि 29 जुलाई और स्थान आरके खन्ना टेनिस स्टेडियम, दिल्ली बताया गया है।
8 से 10 हो गए एजेंडे !
23 जून और 29 जून को अध्यक्ष चेतन आनंद ने 8 एजेंडों से जुड़ा पत्र जारी किया जबकि 29 जून को जारी पत्र में एजेंडों की संख्या 10 हो गई। 29 जून वाले पत्र में सेक्रेटरी जनरल की रिपोर्ट और फाइनेंस कमिशन का गठन का दो एजेंडा जोड़ दिया गया है।
लेटर पैड से अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष गायब !
25 मई को जारी पत्र में TFI का लेटर पैड उपयोग हुआ है उसमें अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष का नाम छपा था, लेकिन 23 जून और 29 जून को जारी लेटर पैड से सभी का नाम गायब है। यही नही सचिव के कार्यालय का पता भी हटा दिया गया है।
थाली में बैगन की तरह नाच रहे अध्यक्ष !
TFI में चल रही अंदरूनी लड़ाई के बीच अपनी गद्दी सुरक्षित रखने के लिए पिछले एक माह में अध्यक्ष की हैसियत से चेतन आनंद ने कई विरोधाभाषी पत्र लिखे हैं। जिस बैठक को गलत बताते हैं उसी बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपने महासचिव को लतिया देते हैं। तीन-तीन बार AGM की जगह और तिथि में हुआ बदलाव भी TFI की अंदरूनी उथल-पुथल का नमूना है जिसमे अध्यक्ष महोदय थाली में बैगन की माफिक कभी इधर तो कभी उधर हो रहे हैं।







