| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
भारतीय साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और झारखंड साइकिलिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में सिदो कान्हु वेलोड्रम स्टेडियम खेलगांव रांची में आयोजित 75वां सीनियर महिला एवं पुरुष ,52वां जूनियर, 38वां सब जूनियर बालक एवं बालिका राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप का समापन हुआ। इस चैंपियनशिप में झारखंड की सरिता कुमारी ने लगातार 3 स्पर्धा में 3 गोल्ड जीत बेस्ट वूमेन साइकिलिस्ट ऑफ़ द चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
इस राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में उभरी झारखंड की होनहार खिलाड़ी सरिता
झारखंड की सरिता ने इस प्रतियोगिता में 3 गोल्ड मेडल जीता है, सरिता ने टाइम ट्रायल 500 मीटर में गोल्ड, 200 मीटर स्प्रिन्ट में गोल्ड और केयरिंग रेस में गोल्ड जीत झारखंड का नाम रौशन किया है। बताते चलें कि सरिता लोहरदगा की रहने वाली है, उनके पिता किसान है और माँ रेजा की काम कर परिवार का भरण पोषण करती हैं। सरिता पटियाला साई सेंटर में रहकर ट्रेनिंग ले रहीं है। जानकारी देते चलें कि सरिता पहले एथलीट की प्रशिक्षु थी लेकिन अचानक साइकिलिंग में उन्हें मौका मिला और उस मौके को सरिता ने बखूबी भुनाया और आज तीन गोल्ड जीतकर उसने यह साबित किया कि वह एक बेहतरीन साइकिलिस्ट है। इस प्रतियोगिता में देश भर के लगभग 600 साइकिल राइडर जिसमें 330 पुरुष व 230 महिला खिलाड़ी 86-86 स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के लिए स्पर्धा कर रहें थे। जिसमें झारखंड को कुल 7 मेडल मिला है, इसमें 4 गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है।


परिणाम…..
रेलवे 86 पॉइंट के साथ ओवरऑल चैंपियन
रेलवे 86 पॉइंट के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता है। राजस्थान 73 पॉइंट के साथ विजेता, वूमेन सीनियर में रेलवे विजेता, राजस्थान उपविजेता, जूनियर में राजस्थान विजेता, तमिलनाडु उपविजेता, सब जूनियर और यूथ में राजस्थान विजेता मणिपुर उपविजेता का खिताब जीता है। 3 गोल्ड जीत बेस्ट वुमन साइकिलिस्ट ऑफ द चैंपियन का खिताब झारखण्ड की सरिता कुमारी ने जीता है। पुरुष में खेताराम जीगा (राजस्थान) तीन गोल्ड और एक सिल्वर के साथ बेस्ट साइकिलिस्ट बना है।


समापन के मौके पर सांसद सह आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय हांसदा, एशियाई साइकिलिंग के जनरल सेक्रेटरी ओंकार सिंह, मनिंदर पाल सिंह समेत कई लोग शामिल हुए। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेन्द्र पाठक ,उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा, झारखंड साइकलिंग संघ के उपाध्यक्ष सुजीत कुमार, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, दिवाकर सिंह, दिलीप गुप्ता, जीतेंद्र महतो, नरेश कुमार, चंद्र बहादुर सिंह, राजकुमार मेहता,सोमित्रों बोराल,अनीता कुमारी और दानिश का अहम योगदान रहा।







