रांची
टीम sportsjharkhand.com |
रांची में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तमाम तरह की तैयारी की जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद इस आयोजन को लेकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ इस चैंपियनशिप की तैयारी को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में राज्य सरकार के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के अलावे कई वरीय अधिकारी और हॉकी इंडिया के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया है, कि इस आयोजन की तैयारी को लेकर वह स्वयं तैयारी की जायजा ले। जहां भी परेशानी है या कमी है उसे जल्द से जल्द दूर किया जाए। उन्होंने प्रतियोगिता का लाइव टेलीकास्ट एलईडी स्क्रीन पर सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है। स्टेडियम के अंदर और बाहर जितने भी एलइडी स्क्रीन्स है, उन तमाम स्क्रीन्स को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का आदेश दिया है। मोरहाबादी मैदान को बेहतर ढंग से सजाने को लेकर उन्होंने अधिकारियों से कहा है। वहीं चैंपियनशिप के दौरान शहर में बिजली व्यवस्था बेहतर ढंग से बहाल हो और इसे लेकर क्या तैयारी चल रही है। इसकी जानकारी भी मांगी गई है। अतिथियों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और चिकित्सीय व्यवस्था की भी समीक्षा मौके पर की गई है।
सीएम के साथ बैठक में मौजूद अधिकारी
मुख्यमंत्री के साथ समीक्षात्मक बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग अविनाश कुमार, डीजीपी अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, प्रधान सचिव वित्त अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, भवन निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, खेल विभाग के सचिव मनोज कुमार, नगर आयुक्त अमित कुमार, डीआईजी रांची अनूप बिरथरे, आईपीआरडी निदेशक राजीव लोचन बक्शी, खेल निदेशक सुशांत गौरव, उपयुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह सहित राज्य सरकार एवं हॉकी इंडिया के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।