| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
27 अक्तूबर से 5 नंवबर 2023 तक झारखंड में पहली बार हो रही अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के ट्रॉफी का अनावरण और इसके मैस्कट का लांचिंग सूबे के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विश्व हॉकी महासंघ के अध्यक्ष दातो तयैब इकराम ने धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट बिल्डिंग के न्यू सभागार में शुक्रवार को किया।






बताते चलें कि मैस्कट का नाम जूही रखा गया है। मौके पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ दिलीप तिर्की, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी और हॉकी झारखण्ड से जुड़े कई लोग शामिल हुए।
24 जिलों में ट्राफी टूर का आयोजन
रांची में ट्रॉफी के अनावरण के बाद इस ट्रॉफी को 14 अक्तूबर से 26 अक्तूबर 2023 तक झारखंड के सभी 24 जिलों में ट्रॉफी टूर का आयोजन होगा। जो कि सभी 24 जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर तमाम तरह की तैयारी शुरू हो चुकी है। मोरहाबादी स्थित हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्रतियोगिता को लेकर तैयार किया जा रहा है। हालांकि अभी भी कई काम अधूरे हैं। प्रशासनिक तैयारी को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार स्टेडियम का जायजा भी ले रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम और प्रैक्टिस ग्राउंड का जायजा लिया है। मेंटेनेंस कार्यो में तेजी लाने के लिए निर्देश दिया गया हैं।
देखें तस्वीरें…








6 टीमों के बीच एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिस्पर्धा
झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के आलावे कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड, जापान और चीन प्रतिस्पर्धा करेंगे। छह टीमों का टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से शुरू होगा और 5 नवंबर को समाप्त होगा। सभी टीमें एक ही पूल का हिस्सा हैं और शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, जहां तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम चौथे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी और दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच मुकाबला होगा।
मेजबान भारत की टीम फॉर्म में
मेजबान भारत अच्छी फॉर्म में है। विशेष रूप से, बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक कांस्य और एफआईएच हॉकी महिला राष्ट्र कप स्पेन 2022 में खिताबी जीत के बाद, मेजबान टीम ने 2016 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती और 2018 में उपविजेता रही। 19वीं एशियन गेम्स होइंगझोई में भी भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता है। इस टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ी निक्की प्रधान, सलीमा टेटे और संगीता कुमारी शामिल हैं। टीम 27 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और 2 नवंबर को ग्रुप चरण के आखिरी मैच में कोरिया से भिड़ेगी।







