| रांची |
झारखंड में संविदा पर नियुक्त खेल प्रशिक्षकों की शारीरिक दक्षता का जो पैमाना तय किया गया है वो पैमाना देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सीमा सुरक्षा बल (BSF) की नियुक्ति परीक्षा से भी उच्च दर्जे का है। 26 अप्रैल को खेल निदेशक के हस्ताक्षर से जारी पत्र में जो शारीरिक दक्षता के मापदंड तय किए गए हैं उसके अनुसार 30 से 39 वर्ष के नियुक्त हो चुके पुरुष प्रशिक्षकों को 2 किलोमीटर की दूरी एक्सीलेंट केटेगरी में पूरी करने के लिए 7 मिनट 55 सेकेंड का वक्त निर्धारित किया गया है। इसका मतलब हुआ कि 400 मीटर के एक लैप को पूरा करने के लिए औसत 1 मिनट 35 सेकेंड का वक्त मिलेगा। यही दूरी BSF में 18 से 25 वर्ष के पुरुष हेड कांस्टेबल की नियुक्ति प्रक्रिया में 1600 मीटर की दूरी 6 मिनट 30 सेकेंड में पूरी कर लेनी है, मतलब 400 मीटर के एक लैप को पूरा करने में 1 मिनट 37.5 सेकेंड का वक्त लगेगा।
मतलब साफ है कि खेल निदेशालय की अपेक्षा है कि उसके 39 वर्ष के पुरुष प्रशिक्षक इतनी शारीरिक दक्षता रखते हों कि वे 25 वर्ष के BSF के जवान को प्रति 400 मीटर की लैप में औसतन 2.5 सेकेंड से मात दे सकें !
2 किलो दौड़ पुरुष
निदेशालय द्वारा Excellent के लिए तय मापदंड
20-29 Age Group में 7.37 मिनट से कम
30-39 Age Group में 7.55 मिनट से कम
40-49 Age Group में 8.33 मिनट से कम
50-59 Age Group में 10.42 मिनट से कम
आश्चर्यचकित मत होइए अब जो मापदंड महिलाओं के लिए निदेशालय ने तय किया है, उसपर भी नजरे इनायत कीजिए। 30 से 39 साल की महिला प्रशिक्षकों को 2 किलोमीटर की दूरी एक्सीलेंट केटेगरी में आने के लिए 10 मिनट 42 सेकंड में तय करनी होती है। मतलब प्रति 400 मीटर की लैप पूरा करने के लिए 2 मिनट 8.4 सेकेंड का औसत वक्त निर्धारित है। अब BSF में महिला हेड कांस्टेबल की नियुक्ति के लिए 800 मीटर की दौड़ पूरी करने के लिए 4 मिनट 45 सेकेंड का वक्त तय है। मतलब 400 मीटर के एक लैप को पूरा करने के लिए 2 मिनट 22.5 सेकेंड का वक्त। इसका अर्थ ये हुआ 14 वर्ष बड़ी होने के बावजूद महिला प्रशिक्षकों को BSF की महिला हेड कांस्टेबल को 400 मीटर की प्रति लैप में 14 सेकेंड से पछाड़ना होगा।
2 किलो दौड़ महिला
निदेशालय द्वारा Excellent के लिए तय मापदंड
20-29 Age Group में 9.45 मिनट से कम
30-39 Age Group में 10.42 मिनट से कम
40-49 Age Group में 11.08 मिनट से कम
50-59 Age Group में 12.25 मिनट से कम
खास बात ये भी है कि सेना, BSF, अन्य पारा मिलिट्री फोर्स, झारखंड पुलिस जैसी संस्थाएं 18 से 25 वर्ष की उम्र में 1600 मीटर में शारीरिक दक्षता नापती है लेकिन खेल निदेशालय बैशाख के माह में 30 से 58 साल तक के प्रशिक्षकों को 2000 मीटर दौड़ाएगा।
लगता है खेल निदेशालय के कर्णधार उत्पाद आरक्षी नियुक्ति प्रक्रिया के भयावह परिणामों से कोई सबक लेने को तैयार नहीं।







