| रांची |
झारखंड एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 आयोजन के दौरान प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितता – भाग 3
रांची में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 के आयोजन के दौरान खेल निदेशालय के अफसरों ने वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की सारी हदें पार कर दीं। आयोजन के दौरान आवागमन के लिए चार पहिया वाहन किराए पर लिए गए थे। दस्तावेज बता रहे हैं कि जिसे इनोवा क्रिस्टा बता भुगतान किया गया वो दरअसल फॉर्च्यूनर थी। यही नहीं दस्तावेजों पर दर्ज तीन स्कॉर्पियो के दिए गए नंबर इनोवा इनोवा के निकल गए जबकि एक टाटा सफारी। ऐसा कैसे संभव है ? आश्चर्य की बात ये है कि सभी कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारियों की एक टीम बनी हुई थी और उन अधिकारियों ने सभी दस्तावेजों को सत्यापित भी किया है। इसके बाद निदेशक सुशांत गौरव ने भी निकासी सह व्ययन पदाधिकारी की हैसियत से दस्तावेजों को क्रॉस वेरिफाई करने के बाद भुगतान किया। फिर ऐसा घाल मेल कैसे हो गया ?
दस्तावेज देखकर लगता है “टेबल वर्क” है बिल
सूचनाधिकार के तहत जो दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं। उनको देखकर लगता है कि बीके ट्रेवल्स की ओर से जो बिल खेल निदेशालय को सौंपा गया है वो बिल बहुत ही जल्दबाजी में “टेबल वर्क” के जरिए बनाए गया है और उसे अधिकारियों से तत्काल सत्यापित भी कर दिया है। जल्दी इतनी थी कि सभी की सभी 27 बिलों पर ना तो डेट अंकित है ना ही सर्विस लेनेवाले का नाम व पता दर्ज है। बगैर डेट और नाम के बिल के एवज में निदेशक सुशांत गौरव ने पूरी राशि का भुगतान भी कर दिया गया। मतलब बीके ट्रेवल्स ने अधिकारियों के साथ मिलकर निदेशालय को आधा अधूरा बिल सौंपा। अगर ऐसा नहीं होता तो बीके ट्रेवल्स बिल भुगतान करनेवाले विभाग का नाम और पता तो जरूर लिख देता। (देखें 6 बिल की छायाप्रति तस्वीर में, सभी 27 बिल की यही स्थिति है )


खुले बाजार में जिस फ्रिज की कीमत 15 हजार रुपए, उसे भाड़े पर लेकर निदेशालय ने किया 27 हजार रुपए का भुगतान
प्रतियोगिता आयोजन के दौरान 4 फ्रिज भाड़े पर लिए गए थे और लगभग डेढ़ दर्जन फ्रिज प्रायोजक की ओर से उपलब्ध कराए गए थे। 180 लीटर की क्षमता वाले भाड़े के चार फ्रीज के लिए खेल निदेशालय ने आजमानी इंफ्रा नामक कंपनी को 1,08,000 रुपए का भुगतान किया है। मतलब एक फ्रिज का भाड़ा 27,000 रुपए। अब सवाल उठता है कि जो फ्रिज खुले बाजार में मात्र 15,000 रुपए में उपलब्ध है, उसके लिए 27,000 रुपए का भुगतान क्यों किया गया ? जवाब ढूंढना बहुत आसान है, जब डीजल पर GST जोड़ा जा सकता है, पेट्रोल कार में डीजल भरा जा सकता है और इलेक्ट्रिक वाहन को भी डीजल की जरूरत पड़ सकती है तो 15,000 के सामान का भाड़ा 27,000 क्यों नहीं किया जा सकता है ?
————————————
गुरुवार को पढ़िए
खुल्ला खेल फर्रुखाबादी
LED स्क्रीन के लिए टेंडर निकला 8 दिन का, अजमानी इंफ्रा ने रेट कोट किया 8 दिन का, खेल निदेशक ने वर्क ऑर्डर दिया 8 दिन का, प्रतियोगिता 7 दिन तक चली लेकिन भुगतान किया गया 12 दिन का
जबकि इसी दौरान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में लगे LED स्क्रीन का भुगतान मात्र 7 दिन का किया गया ?
खेल निदेशक सुशांत गौरव ने कैसे किया ये करिश्मा !
होगा खुलासा गुरुवार को
सिर्फ और सिर्फ sportsjharkhand.com पर







