रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) द्वारा बोकारो जिला क्रिकेट संघ (BDCA) को भंग किए जाने के बाद भी दस्तावेजों को दुरुस्त किए जाने का षड्यंत्र जारी है। शनिवार 6 मई को JSCA ने BDCA की कमिटी को भंग कर एड हॉक कमिटी बनाते हुए सभी दस्तावेज एड हॉक कमिटी को सौंपने का निर्देश दिया। इसके बावजूद BDCA के लोग दस्तावेजों के हेर फेर में जुटे हुए हैं। एड हॉक कमिटी के गठन के दो दिनों बाद 8 मई को BDCA के कर्ता धर्ता व JSCA के संयुक्त सचिव पीएन सिंह का खासमखास प्रकाश चंद्र भगत अमोल एसोसिएट्स के सौरभ को दस्तावेज देते हुए CCTV में कैद हो गया है। CCTV में साफ तौर पर दिख रहा है कि प्रकाश चंद्र भगत 8 मई की सुबह 9.54 बजे एक दुकान के सामने पहुंचता है और किसी के आने का बेसब्री से इंतजार करता हैं। इसके एक मिनट बाद ही इंतजार खत्म होता है और अमोल एसोसिएट्स का सौरभ बाइक से वहां पहुंचता है। प्रकाश सौरभ को स्कूटी के डिक्की से निकलकर दो फाइल सौंपता है। फाइल लेने के तुरंत बाद सौरभ निकल जाता है और प्रकाश चंद्र भगत सिगरेट सुलगाते हुए JSCA की जांच कमिटी की आशंकाओं को धुएं के रूप में उड़ाने लगता है।
देखें वीडियो…….
JSCA की जांच कमिटी को खुली चुनौती है ये फुटेज
JSCA की जांच कमिटी ने जो आशंका अपनी प्राथमिक रिपोर्ट में दर्ज कराई थी, वो इस CCTV फुटेज में साफ साफ दिख रही है। BDCA के बाहर का एक व्यक्ति ऑडिटर के स्टाफ को BDCA के दस्तावेज सौंपे रहा है। वो भी तब जब कमिटी भंग हो चुकी है और दस्तावेजों के गायब होने का खतरा बना हुआ है।
JSCA की शह के बिना इतना दु:साहस संभव नहीं
JSCA के कुछ उच्च पदस्थ पदाधिकारियों के शह के बगैर भंग BDCA का इतना दु:साहस संभव नहीं। JSCA के संयुक्त सचिव पी एन सिंह को JSCA के कुछ उच्च पदस्थ पदाधिकारियों का संरक्षण मिल रहा है। यही कारण है कि पीएन सिंह के चट्टे बट्टे BDCA भंग हो जाने के बाद भी बगैर किसी डर भय के दस्तावेजों के हेर फेर में जुटे हैं।
11 मई को BDCA एड हॉक कमिटी पहली बार बैठी
एड हॉक कमिटी के सभी सदस्य 11 मई, गुरुवार को पहली बार बोकारो के ट्रेनीज हॉस्टल स्थित कार्यालय में एक साथ बैठे। प्रतियोगिता आयोजन, बैंक अकाउंट के संचालन समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। लेकिन sportsjharkhand.com को पता चला है कि BDCA की बर्खास्त कमिटी ने एड हॉक कमिटी को अभी तक कोई भी दस्तावेज नहीं सौंपा है। मतलब जांच कमिटी की आशंका अभी भी बलवत है कि दस्तावेजों में हेर फेर संभव है। पता चला है कि अगले सप्ताह BDCA के बर्खास्त सचिव बोकारो पहुंच रहे हैं, तब तक सभी दस्तावेजों जरूरी बदलाव कर लिए जाएंगे और ये दस्तावेज एड हॉक कमिटी को सौंपा जाएगा।
बैंक अकाउंट के संचालन पर लगाई रोक
जनकारी मिली है, JSCA ने BDCA के बैंक अकाउंट के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। इससे संबंधित निर्देश बैंक के अफसरों को दे दिया गया है।
बोकारो में क्रिकेट बंद, अगले सप्ताहांत शुरू होने की संभावना
बोकारो में क्रिकेट सत्र के कई मैच अधूरे हैं। एड हॉक कमिटी के गठन के बाद 7 मई तक मैच हुए, इसके बाद लीग के मैच स्थगित कर दिए गए हैं। संभावना है कि अगले सप्ताह के अंत तक मैच शुरू हो जाएं। एड हॉक कमिटी को लीग संचालन से जुड़े दस्तावेजों का हस्तांतरण होने के बाद टीम प्रबंधन से बातचीत के बाद नई टाई शीट जारी किए जाने की संभावना है। इस पूरी प्रक्रिया में एक सप्ताह का वक्त लग सकता है तब तक बोकारो में क्रिकेट बंद है।