| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
खेल निदेशक द्वारा बुधवार 7 फरवरी 2024 को सभी जिला खेल पदाधिकारियों (DSO) को लिखे गए पत्र के बाद कई DSO की मुश्किलें बढ़नी तय हो गई हैं। खेल निदेशक सुशांत गौरव ने पत्र में लिखा है
“जिलावार अधियाचित आवंटन राशि में काफी अधिक अंतर है। अतएव आपके द्वारा अधियाचित राशि उपावंटित करने के पूर्व संबंधित जिलों में खेल किट क्रय हेतु की गई निविदा के दर का मूल्यांकन किए जाने की आवश्यकता है।”
“अतः आप सभी को आदेशित किया जाता है कि मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल (बालक एवं बालिका) प्रतियोगिता, 2023-24 के प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल किट उपलब्ध कराने हेतु आपके द्वारा की गई निविदा का वित्तीय तुलनात्मक विवरणी (Comparative Chart), जिसमें सभी निविदादाता फर्मों के नाम एवं उनके द्वारा उद्धृत दर स्पष्ट हो एवं निर्गत कार्यादेश की एक प्रति दिनांक 08.02.2024 के अप. 03:00 बजे तक अनिवार्य रूप से इस निदेशालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक चयनित कट का एक-एक नमूना भी इसके साथ उपलब्ध कराएं।”
इस पत्र के मिलते ही कई DSO की धड़कनें बढ़ गई हैं क्योंकि कई जिलों में खरीदारी डेढ़-दो गुणे रेट पर की गई है। यही नहीं एक ही क्वालिटी और ब्रांड तथा एक ही वेंडर रहने के बावजूद जिलों में खरीदी गई सामग्री की रेट अलग-अलग है। अब जिलावार तुलनात्मक विवरणी के बाद सारी पोल खुलनी तय है। वर्ष 2022-23 में भी यही कांड हुआ था लेकिन निदेशालय ने तब चुप्पी थाम रखी थी लेकिन इस बार निदेशक के पत्र के बाद “कई ऊंट” पहाड़ के नीचे आ जाएंगे।
क्या है पूरा मामला
दरअसल नवंबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच आयोजित हुई मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल (बालक एवं बालिका) प्रतियोगिता के लिए जिला स्तर पर टेंडर के माध्यम से हजारों किट (जर्सी सेट, टी शर्ट, बूट, मोजे, शीन गार्ड और गोलकीपर ग्लव्स) की खरीदारी की गई थी। इसके बाद 24 जनवरी को खेल निदेशक ने पत्र लिखकर सभी DSO से टेंडर के एवज में होनेवाले भुगतान की राशि की जानकारी मांगी थी। जिलावार भुगतान की जानेवाली राशि में अंतर देख निदेशालय की ओर से पत्र लिखा गया है।
ज्यादातर जिलों में एक “खास ग्रुप” ने किया था काम
जानकारी के मुताबिक राज्य के ज्यादातर जिलों में किट सप्लाई का ठेका ए पी एंटरप्राइजेज रांची, कमला स्टोर बालूमाथ और टेक्नो रांची नामक फर्म ने लिया था। इन तीनों फर्म ने एक ग्रुप बनाकर टेंडर में भाग लिया। अधिकारियों द्वारा मांगी गई कट मनी के हिसाब से इस ग्रुप ने एक ही ब्रांड और क्वालिटी का सामान अगल बगल के जिलों में ही अलग अलग रेट पर ठेका ले लिया।







