sportsjharkhand.com टीम
रांची
मध्य प्रदेश के सागर में झारखण्ड के युवा फुटबॉलरों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए SGFI U 14 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया। शुक्रवार को खेले गए रोमांचक व संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में झारखण्ड ने चंडीगढ़ को 1-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच का एकमात्र गोल 6ठे मिनट में चेतन हांसदा ने किया। झारखण्ड ने अंत तक ये बढ़त बरक़रार रखी। 28 नवम्बर से 2 दिसंबर तक चली प्रतियोगिता में झारखण्ड का प्रदर्शन अभूतपूर्व रहा। क़्वार्टर फाइनल में टाई ब्रेकर में मणिपुर जैसी मज़बूत टीम को 3-2 से हराया वहीँ सेमीफाइनल में जम्मू कश्मीर को 3-1 से हराकर झारखण्ड ने फाइनल में जगह बनायी।
खेल मंत्री ने दी बधाई
झारखण्ड की जीत पर खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी ने पूरी टीम को बधाई दी है और कहा है कि राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊँचा करनेवाले खिलाड़ी कोच और टीम के सभी सहयोगी स्टाफ बधाई के पात्र हैं। उन्होंने 2.51 लाख रूपये पुरस्कार स्वरुप दिए जाने की घोषणा भी की। खेल सचिव राहुल शर्मा व खेल निदेशक रणेन्द्र कुमार ने भी पूरी टीम को बधाई दी है और सुनहरे भविष्य की कामना भी की है।







