| रांची |
झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की टेंडर कमिटी द्वारा टेंडर की शर्तों का सरासर उल्लंघन कर चहेते वेंडर को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सिक्यूरिटी का टेंडर एलॉट करने के मामले पर आज अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग सचिव सह JSSPS की एक्जीक्यूटिव कमिटी के अध्यक्ष मनोज कुमार की अध्यक्षता में FFP भवन के सभागार में मंगलवार को 11 बजे से होनेवाली बैठक में टेंडर को रद्द कर नया टेंडर जारी करने पर मुहर लगेगी। दरअसल विभागीय मंत्री के त्राहिमाम पत्र के बाद श्रम विभाग के प्राप्त निर्देश के आलोक में खेल सचिव ने 14 सितंबर को ही टेंडर रद्द कर नया टेंडर जारी करने का आदेश लोकल मैनेजमेंट कमिटी के CEO को दिया था। CEO ने DOP (Delegation of Power) के तहत खुद को टेंडर रद्द करने के अयोग्य बताते हुए अग्रतर कार्रवाई का आग्रह किया था।
क्या है पूरा मामला
मई माह में JSSPS की टेंडर कमिटी ने टेंडर की शर्तों का उल्लंघन कर पसंदीदा वेंडर को वर्कऑर्डर दे दिया था। मामले में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पूरे मसले पर श्रम विभाग से मार्गदर्शन मांगा गया था। इसी मार्गदर्शन के आलोक में 14 सितंबर को खेल सचिव मनोज कुमार ने विभागीय मंत्री के निर्देशानुसार टेंडर को रद्द करते हुए जल्द से जल्द नया टेंडर जारी करने का आदेश दिया है। पता हो कि सुरक्षाकर्मियों को बोनस दिए जाने का शर्त टेंडर में होने के बावजूद ऐसे वेंडर को काम एलॉट कर दिया था, जिसने बोनस की रकम को अपने वित्तीय प्रस्ताव में शामिल ही नहीं किया था।







