| रांची |
दक्षिण पूर्वी रेलवे (SE Railway) ने वर्ष 2023-24 के दौरान विभिन्न खेलो से जुड़े 26 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियुक्ति दी है। इन 26 खिलाड़ियों में से हटिया में पिछले एक सप्ताह के दौरान 8 हॉकी खिलाड़ियों को ग्रुप C और ग्रुप D में नियुक्ति प्रदान की गई। ग्रुप C में दीप्ति कुल्लू, दीप्ति टोप्पो, रोपनी कुमारी (चार माह पहले) और सुनित लकड़ा को टिकट कलेक्टर के पद पर नौकरी दी गई है जबकि नोवल टोप्पो, सुशरन तिर्की, मनोहर मुंडू व मोईरंगथेम धनंजय की नियुक्ति ग्रुप D के पद पर हुई है। सुनीत लकड़ा और मोईरंगथेम धनंजय को छोड़कर सभी खिलाड़ी झारखंड के हैं।
एकलव्य सेंटर फॉर एक्सीलेंस से भगाए गए द्रोणाचार्य अवॉर्डी नरेंद्र सिंह सैनी के 5 प्रशिक्षुओं को मिली नौकरी
जिन 8 खिलाड़ियों को हटिया में नौकरी मिली है उनमें से 3 महिला और 2 पुरुष एकलव्य सेंटर फॉर एक्सीलेंस हॉकी सेंटर के प्रशिक्षु हैं। दीप्ति कुल्लू, दीप्ति टोप्पो, रोपनी कुमारी, नोवल टोप्पो और सुशरन तिर्की सभी ने द्रोणाचार्य अवॉर्डी नरेंद्र सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। ये वही द्रोणाचार्य अवॉर्डी नरेंद्र सिंह सैनी हैं जिन्हें रहने के लिए फ्लैट तो दिया गया लेकिन फ्लैट की खिड़कियों के टूटे शीशे लाख मन्नतों के बाद भी दो साल तक नहीं बदले गए। कई माह की तनख्वाह रख ली गई और झारखंड छोड़ने पर मजबूर किया गया। अभी उस फ्लैट में एक IAS का स्वजातीय स्वजिला निवासी बॉडी गार्ड रहता है और बॉडी गार्ड के गृह प्रवेश से पहले फ्लैट के रेनोवेशन पर लाखों रुपए खर्च भी किए गए। शर्मनाक किंतु सत्य।







