| रांची |
3 साल 8 माह और 28 दिन बाद रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) का आयोजन 28 सितंबर 2024 को JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में होने जा रहा है। मंगलवार 17 सितंबर को JSCA स्टेडियम परिसर स्थित कार्यालय में वरीय IAS अधिकारी सह RDCA अध्यक्ष अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित एक्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक में कुंभकर्णी निंद्रा से जागते हुए AGM कराने का निर्णय लिया गया। इसी AGM में सत्र 2024-28 के लिए नए ऑफिस बियरर के 7 पदों (1 अध्यक्ष, 1 कार्यकारी अध्यक्ष, 3 उपाध्यक्ष, 1 सचिव और 1 कोषाध्यक्ष) व एक्जीक्यूटिव कमिटी के 11 सदस्यों (5 सहायक सचिव और 6 कार्यकारिणी सदस्य) का भी चुनाव होगा। चुनाव RDCA के नियमों के तहत ही होगा। वोटिंग की नौबत आई तो नियमानुसार उसकी भी तैयारी रहेगी। बैठक के दौरान अनवर मुस्तफा को छोड़ सभी ऑफिस बियरर और एक्जीक्यूटिव कमिटी के सदस्य मौजूद रहे। जगह की उपलब्धता तय होते ही AGM की आधिकारिक घोषणा इसी सप्ताहांत कर दी जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 की ऑडिट रिपोर्ट “गायब”
एक्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 की रिपोर्ट रखी गई। कमिटी ने रिपोर्ट पर हामी भरी लेकिन कई सदस्यों ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों 2020-21, 2021-22 और 2022-23 की ऑडिट रिपोर्ट के बारे में सवाल उठाए। सचिव शैलेंद्र कुमार ने बताया कि 2022-23 की ऑडिट रिपोर्ट भी तैयार है लेकिन वर्ष 2020-21 और 2021-22 का रिपोर्ट कई कारणों से तैयार नहीं हो पाया है। तब कुछ सदस्यों ने 2022-23 की ऑडिट रिपोर्ट और 2020-21 और 2021-22 के आय व्यय का ब्यौरा भी AGM के दौरान आम सदस्यों के बीच रखने की बात की।
फंसेगा तकनीकी पेंच
नियमानुसार कोई भी संस्था या व्यक्ति पिछले तीन वर्षों का ITR एक साथ जमा कर सकता है, कुछ पेनल्टी के साथ। तीन वित्तीय वर्ष से पहले का ITR जमा हो ही नहीं सकता ऐसे में अगर RDCA के कर्णधार वित्तीय वर्ष 2020-21 का ऑडिट रिपोर्ट तैयार भी कर लेते हैं तो ITR फाइलिंग हो ही नहीं सकती और संभव है कि ITR नॉन फाइलिंग के लिए 25 हजार रुपए तक का दंड भी देना पड़े। जब वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 का ऑडिट कराए बगैर 2022-23 और 2023-24 का ऑडिट होना तकनीकी और वित्तीय तौर पर सही नहीं ठहराया जा सकता। वो भी दो वरीय IAS (एक रिटायर) अधिकारियों के रहते हुए।
3 साल 8 माह और 28 दिन बाद होगा RDCA का AGM
RDCA का पिछला AGM 31 जनवरी 2021 को आयोजित हुआ था। इस AGM में ऑफिस बियरर और एक्जीक्यूटिव कमिटी में खाली हुए जगहों को भरा गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2019-20 की ऑडिट रिपोर्ट को भी मंजूरी दी गई थी।
चिराग तले अंधेरा
RDCA का ऑफिस धुर्वा स्थित झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) स्टेडियम परिसर में है साथ ही RDCA के सभी 7 ऑफिस बियरर अध्यक्ष अविनाश कुमार IAS, कार्यकारी अध्यक्ष राजू शर्मा, उपाध्यक्ष अरविंद कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार IAS और विभूति भूषण प्रसाद अमर, सचिव शैलेंद्र कुमार व कोषाध्यक्ष सौमित्र पटनायक सभी के सभी JSCA के आजीवन सदस्य भी हैं। यही नहीं एक्जीक्यूटिव कमिटी के 11 सदस्यों में भी 5 साथी सहायक सचिव शंभू सिन्हा, सदस्य अनवर मुस्तफा, सुरेश कुमार, मोहम्मद उजैर और रमेश कुमार भी JSCA के आजीवन सदस्य हैं। इसके बावजूद 3 साल 8 माह 28 दिन तक प्रत्येक वर्ष JSCA की AGM में क्रांतिवीर की भूमिका निभानेवाले ज्यादातर सदस्य भीगी बिल्ली बन कुंभकर्ण की भांति सोते रहे।
JSCA की भूमिका भी संदेह के घेरे में
JSCA प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से सभी 23 जिला संघों से वार्षिक रिपोर्ट और ऑडिट रिपोर्ट लेता रहा है। JSCA ने ये भी तय किया था कि जिन जिलों से वार्षिक/ऑडिट रिपोर्ट नहीं मिलेगी वैसे जिलों को JSCA की ओर से “अनुदान” की राशि नहीं प्रदान की जाएगी। बोकारो में ऑडिट रिपोर्ट और अन्य वित्तीय अनियमितताएं की शिकायत आने के बाद एड हॉक कमिटी गठित की गई थी लेकिन रांची के मामले में JSCA की चुप्पी समझ से परे है। JSCA एक आंख में काजल और एक आंख में सूरमा लगाकर काम करता हुआ दिखाई दे रहा है। JSCA का बाई लॉज का सेक्शन 27 कहता है
27. Representation & Voting
a) Each Individual member/Affiliated member shall have the right to take part in the deliberations at an Annual and Special General Meetings and shall have power to vote.
However, an individual member/affiliated member failing to pay any dues to the Association (other than his/its affiliation fee for the current financial year) on or before 15th June shall not be entitled to vote nor shall be eligible for election to any office of the Association in the Annual General Meeting.
क्या RDCA ने वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 के लिए एफिलिएशन और कैपिटेशन फीस जमा किया है ? अगर हां तो बहुत बढ़िया और ना तो JSCA की अकर्मण्यता सामने है। 2020-21 और 2021-22 के दौरान RDCA ने जब टीम से निबंधन का पैसा लिया और JSCA को भी निबंधन और कैपिटेशन फीस जमा किया तब ऑडिट कराने में क्या परेशानी थी। जब ये सवाल पूछा गया तब RDCA के सचिव ने कहा कि
“कोविड के दौरान कुछ तकनीकी परेशानियां आई थीं, जिनके कारण ऑडिट नहीं हो पाया। वस्तुस्थिति AGM के दौरान सदस्यों के समक्ष रखी जाएगी”
शैलेंद्र कुमार, सचिव, RDCA
JSCA सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा का पक्ष खबर लिखने के वक्त तक नहीं मिल पाया।







