| रांची |
RDCA में प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितता भाग – 6
रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) के पूर्व सचिव सुनील कुमार सिंह ने 4 जून 2026 को भेजे अपने शिकायती पत्र में सचिव समेत 5-6 लोगों पर वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप सप्रमाण लगाए थे। RDCA ने इन आरोपों पर 6 जुलाई को सचिव शैलेंद्र कुमार और कोषाध्यक्ष सौमित्र पटनायक पर अगले आदेश तक काम करने पर रोक लगा दी और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए। परन्तु 5-6 अन्य लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई जबकि उनमें से 2 आरोपी RDCA के सहायक सचिव, 1 आरोपी कार्यकारिणी सदस्य हैं और अन्य सभी क्लब संचालक हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब चेक दो, कैश लो” और अपने पद के दुरुपयोग के आरोप में दो पदाधिकारियों पर अनुशासन की लाठी चलाई गई तो अन्य आरोपियों को क्यों छोड़ दिया गया ? पिक एंड चूज के आधार पर की गई कार्रवाई का मकसद समझना कोई टेढ़ी खीर नहीं। साफ है कि कुकर्म में शामिल कुछ आरोपियों को अभयदान इसीलिए दिया गया है कि वे जांच के दौरान वही बोलें जो प्री स्क्रिप्टेड हो और जांच में सभी को क्लीन चीट मिल जाए।
“चेक दो कैश लो” मामले में इनपर अब तक नहीं हुई कार्रवाई
शिकायती पत्र में विस्तार से जिस “मनी ट्रेल” को “चेक दो कैश लो” का आधार बताया गया है, उसमें निम्नलिखित लोगों की सहभागिता भी शामिल है लेकिन इनपर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है
RDCA के सहायक सचिव नंदजी पांडे और सुनील पाल
RDCA के कार्यकारिणी सदस्य मुज्जफर अली के अलावा 2-3 क्लब के संचालक/अंपायर भी शामिल हैं।







