हॉकी सिमडेगा द्वारा आयोजित होने वाले सिमडेगा जिला स्तरीय सब जूनियर महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2023 में जिला के किसी भी गांव के एक भी प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी भाग लेने से वंचित ना रह जाए, इसी उद्देश्य को लेकर सिमडेगा हॉकी की ओर से अभियान चलाया गया। जिले के सभी 94 पंचायतों तक पहुंच कर टीमों का गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला के तीन-चार पंचायतों को मिलाकर चयन ट्रायल आयोजित कर एक-एक महिला और पुरुष टीमों का गठन किया जा रहा है। ये टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपने इलाके का प्रतिनिधित्व करेगी।
इसी अभियान के तहत आज (मंगलवार) हॉकी सिमडेगा द्वारा कोलेबिरा प्रखंड पूर्वी हिस्से के टीम गठन के लिए लचरागढ़ संतबियानी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में कोलेबिरा प्रखंड के लचरागढ़ पंचायत, टूटीकेल पंचायत और एडेगा पंचायत के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल किया गया। केरसई प्रखंड पूर्वी प्रभाग के टीम गठन के लिए टैंसेर स्कूल मैदान में टैंसेर पंचायत पूर्वी, टैंसेर पंचायत पश्चिमी, कोनजोबा पंचायत तथा केरसई पंचायत के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया। दोनों ही स्थलों में भारी संख्या में महिला एवं पुरुष हॉकी खिलाड़ी पंहुचे। दोनो पंचायत से 22-22 सदस्यों वाली एक-एक महिला एवं पुरुष हॉकी टीमों का गठन किया गया है। जो हॉकी सिमडेगा द्वारा आयोजित सिमडेगा जिला स्तरीय सब जूनियर महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2023 में अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।