| रांची
टीम sportsjhrakhand.com |
राज्य सरकार की बहुप्रतीक्षित सहाय योजना सरकारी लालफीताशाही की भेंट चढ़ने को विवश है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को खेल से जोड़ने और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण का उचित मंच उपलब्ध कराने की योजना मैदान पर दम तोड़ती हुई नजर आ रही है।


निदेशालय की ओर से लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व ही लगभग 4 करोड़ की लागत से पांच जिलों खूंटी, गुमला, सिमडेगा, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां के 688 पंचायतों के खिलाड़ियों के लिए किट खरीदे गए। लेकिन बुधवार को गुमला में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान सारे के सारे एथलीट बगैर जूते/स्पाइक के ही दौड़ते नजर आए। इससे पहले प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान भी फुटबॉल के खिलाड़ी बगैर ड्रेस और बूट के मैदान पर खेलते नजर आए थे।


इस संदर्भ में जब गुमला जिला खेल पदाधिकारी (DSO) हेमलता मून से बात की गई। उन्होंने कहा कि कुछ एथलीटों ने नए जूते/स्पाइक के साथ दौड़ने में असमर्थता जताई थी। लिखित आग्रह करने के बाद एथलीटों को बगैर जूते/स्पाइक के खेलने की अनुमति दी गई। लेकिन सच्चाई ये है कि जूते/स्पाइक के अलावा ज्यादातर एथलीट स्पोर्ट्स किट में भी नहीं दिखे। जबकि DSO का दावा है कि सभी जगह सभी खेलों के किट का वितरण कर दिया गया है। इसके बावजूद जो कमियां प्रकाश में लाई गईं हैं, उनपर जिम्मेवार अधिकारियों से कारणपृच्छा की जाएगी।


वहीं रांची में बैठे आलाधिकारी AC चैंबर में बैठ जिला स्तर पर हो रही दुर्दशा से अनजान बन आगामी 16 से 18 फरवरी तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की सफलता की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।
पहले चरण में 5 जिलों के 688 पंचायतों में आयोजित हुई प्रतियोगिता
सहाय योजना के तहत प्रथम चरण में हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताओं का आयोजन कोल्हान व दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के 5 जिलों में हुआ। खूंटी, गुमला, सिमडेगा, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां के 688 पंचायतों में चार खेलों का आयोजन करने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें गुमला के 159, सिमडेगा के 94, खूंटी के 86, चाईबासा के 217 और सरायकेला-खरसावां के 132 पंचायत शामिल हैं।
4 करोड़ की लागत से खरीदे गए थे किट
खेल निदेशालय ने लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल के लिए पूरे किट खरीदे गए थे।
हॉकी में ड्रेस, स्टिक, बॉल, सीन गार्ड, टर्फ बूट, मोजा, टीथ गार्ड, गोलकीपर किट
फुटबॉल में ड्रेस, बूट, सीन गार्ड, मोजा, फुटबॉल, गोलकीपर किट
एथलेटिक्स में ट्रैक सूट, ड्रेस, रनिंग किट, वार्मिंग शू, स्पाइक और वॉलीबॉल में ड्रेस, जूता, मोजा, वॉलीबॉल, नेट आदि की खरीदारी डेढ़ साल पहले ही की जा चुकी है लेकिन खिलाड़ियों तक नहीं पहुंची और जिला स्तरीय प्रतियोगिता का समापन हो गया।







