| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
खेल से जुड़े संघों पर काबिज होने का नशा इस कदर अधिकारियों पर हावी है कि वे किसी और की हकमारी करने से भी बाज नहीं आ रहे। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) का चुनाव होना है। झारखंड में SGFI से जुड़े खेलों का आयोजन और अन्य सहभागिता के लिए खेल निदेशालय अधिकृत है। पिछले 23 वर्षों से SGFI की सभी टीमों को भेजना और राज्य में SGFI के खेल का आयोजन खेल निदेशालय ही करता आ रहा है। पूर्व खेल निदेशक जिशान कमर SGFI की निवर्तमान कमिटी के उपाध्यक्ष हैं लेकिन इस बार के चुनाव में शिक्षा विभाग के अफसरों की टेढ़ी नजर SGFI के चुनाव पर पड़ी है। मंगलवार को SGFI चुनाव के लिए इलेक्टोरल कॉलेज की घोषणा की गई, इसमें खेल विभाग की ओर से भेजे गए दो नामों सरोजनी लकड़ा व देवेंद्र सिंह की बजाय शिक्षा विभाग से भेजे गए दो नामों IAS के रवि कुमार और धीरेन ए सोरेन का नाम शामिल है। (देखें इलेक्टोरल कॉलेज की क्रम संख्या 29 और 30 देखें)।


खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा ने विभाग से SGFI के उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने की अनुमति प्राप्त कर ली लेकिन नामांकन करने की हसरत अधूरी रह गई। खेल विभाग ने इलेक्टोरल कॉलेज के लिए झारखंड से सरोजनी लकड़ा और देवेंद्र सिंह का नाम भेजा था लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने खेला कर दिया। (सरोजनी लकड़ा के नामांकन के लिए जारी NOC)


खेल संघ के पदों पर के रवि कुमार का अटकता रहा है दिल
शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव IAS के रवि कुमार का खेल संघों के पदों का प्यार किसी से छुपा नहीं है। वे झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष व वरीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। सर्वोच्च न्यायालय के एक आदेश के बाद पद त्यागना पड़ा था। वे भारतीय कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष व भारतीय सिलंबम (लाठी भंजन) संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर भी काबिज रहे।
झारखंड में SGFI खेल होंगे प्रभावित !
खेल निदेशालय और शिक्षा विभाग के बीच पदों के लालच में चल रहे शह मात के खेल का प्रतिकूल प्रभाव झारखंड के SGFI खेलों पर पड़ना तय है। बजट खेल निदेशालय के पास है और पद पर कब्जा शिक्षा विभाग कर रहा है। ऐसे में तय है कि अधिकारियों के कैट फाइट का असर SGFI खेल पर पड़ेगा ही। नुकसान खिलाड़ियों का होगा, ये भी तय है।







