| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
43वीं अखिल भारतीय महिला रेलवे हॉकी चैंपियनशिप के अंतर्गत आज रविवार को दोनो सेमी फाइनल मैच खेले गए। पहला सेमी फाइनल मैच न्यायाधीश बी बी मंगलमूर्ति की मुख्य उपस्थिती में रेल कोच फ़ैक्टरी, कपूरथला (Rail Coach Factory, Kapurthala) एवं उत्तर मध्य रेलवे (North Central Railway) के बीच और दूसरा सेमी फाइनल मैच मण्डल रेल प्रबन्धक प्रदीप गुप्ता की मुख्य उपस्थिती में दक्षिण पूर्व रेलवे (South Eastern Railway) एवं मध्य रेलवे (Central Railway) के बीच खेला गया।
रेल कोच फ़ैक्टरी, कपूरथला (RCF) बनाम उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के बीच खेले गए पहले सेमी फाइनल मैच में रेल कोच फ़ैक्टरी, कपूरथला (RCF) की टीम 3-2 गोल से विजयी रही। विजेता टीम की ओर से गगनदीप कौर ने 2 गोल एवं अमरिंदर कौर ने 1 गोल तथा उत्तर मध्य रेलवे (NCR) की ओर से गुरजीत कौर एवं अंजलि गौतम ने 1-1 गोल किए। इस मैच में गगनदीप कौर को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) बनाम मध्य रेलवे (CR) के बीच खेले गए दूसरे सेमी फाइनल मैच में मध्य रेलवे (CR) की टीम 4 -2 गोल से विजयी रही। विजेता टीम की ओर से प्रीति दुबे ने 2 गोल, वंदना कटारिया एवं मोनिका मलिक ने 1-1 गोल किए तथा दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) की ओर से अल्का डुंगडुंग एवं सलीमा टेटे ने 1-1 गोल किए। इस मैच में सलीमा टेटे को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
सोमवार को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
चैंपियनशिप का फाइनल मैच रेल कोच फ़ैक्टरी, कपूरथला (Rail Coach Factory, Kapurthala) एवं मध्य रेलवे (Central Railway) के बीच तथा तीसरे एवं चौथे स्थान के लिए मैच दक्षिण पूर्व रेलवे (South Eastern Railway) एवं उत्तर मध्य रेलवे (North Central Railway) के बीच सोमवार को हटिया स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।







