रांची
टीम sportsjharkhand.com |
मेजबान धनबाद के खिलाफ पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए रांची ने अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित किया। हाईवोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले में रांची के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर धनबाद को 4-3 से रौंद डाला। सिजुवा ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में धनबाद के बिरसा ने 5वें, 17वें व 31वें मिनट में तीन शानदार गोल दाग हैट्रिक पूरी की और टीम को 3-0 से आगे कर दिया। 40वें मिनट रांची के कप्तान सोमरा मुंडा ने फ्री किक को गोल दाग स्कोर 1-3 कर दिया। 43वें मिनट में रोहित तिग्गा ने शानदार गोलकर स्कोर 2-3 कर दिया। पहले हाफ के खेल में धनबाद की टीम 3-2 से बढ़त बनाने में कामयाब रही।
मध्यांतर के बाद 56वें मिनट में रांची के स्टार फॉरवर्ड रोहित तिग्गा ने एक और शानदार मैदानी गोल दाग रांची को 3-3 की बराबरी पर ला खड़ा किया। 80वें मिनट में शंकर उंराव ने एक बेहतरीन गोलकर रांची की टीम को 4-3 से आगे कर दिया। इसी स्कोर के साथ रांची फाइनल में पहुंच गया। शुक्रवार, 23 दिसंबर को चक्रधरपुर में खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में रांची और जमशेदपुर आमने सामने होंगे।