| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
जमशेदपुर के किनन स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे दिन उत्कर्ष की शानदार गेंदबाजी की बदौलत झारखंड ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। उत्कर्ष ने आखिरी सत्र में 3 विकेट झटक झारखंड को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया। शाहबाज नदीम ने एक विकेट लिया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अच्छी शुरुआत के बाद गोवा ने 4 विकेट खोकर 99 रन बना लिए थे। सुमिरन अमोनकर ने (41 रन) व अमोघ सुनील देसाई (41 रन) ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़ झारखंड के लिए समस्या खड़ी कर दी लेकिन 21 रन के अंतर पर चार विकेट झटक झारखंड ने दूसरे दिन शानदार वापसी की। पिछले मैच में शतक जमाने वाले अर्जुन तेंदुलकर 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। गोवा के स्नेहल 6 रन और सिद्धार्थ 4 रन बनाकर पिच पर डटे हुए हैं।
इससे पहले दूसरे दिन की शुरुआत झारखंड के लिए अच्छी नहीं रही और सौरभ तिवारी नाबाद पारी में बगैर कोई रन जोड़े पवेलियन लौट गए। कुमार कुशाग्र ने 96 रन बनाकर झारखंड की पारी को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दूसरे दिन झारखंड ने 106 रन बनाने में 6 विकेट गंवा दिए। झारखंड की पारी 386 रन पर सिमट गई। झारखंड के लिए अनुकूल राय ने 30 व शाहबाज नदीम ने 25 रन बनाए। गोवा की ओर से लक्ष्य गर्ग ने 2 विकेट, अर्जुन तेंदुलकर 1 विकेट, मोहित ने 3 और दर्शन ने 4 विकेट लिए।







