| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
2022-23 रणजी ट्राफी के पहले मैच में केरल के हाथों हार के बाद झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। प्रत्येक गुट चयनकर्ताओं की राय से परे अपने पसंद के खिलाड़ियों को टीम में जगह दिलाने में जुट गया है। चयनकर्ताओं ने 10 दिसंबर को तीन रणजी मैचों के लिए 20 सदस्यीय झारखंड टीम की घोषणा की थी। मोनू कुमार सिंह इन 20 क्रिकेटरों में शामिल नहीं थे। लेकिन JSCA के एक उच्च पदस्थ पदाधिकारी की सह पर अचानक मोनू कुमार सिंह को टीम में शामिल कर लिया गया। मोनू पिछले दो दिनों से होटल टीम के साथ जमशेदपुर में हैं, जहां मंगलवार से गोवा के खिलाफ रणजी मुकाबला खेलना है। मोनू सिंह झारखंड की ओर से व्हाइट बॉल (लिमिटेड ओवर) क्रिकेट खेल चुके हैं लेकिन उन्हें अभी भी रणजी ट्रॉफी खेलने का इंतजार है। JSCA के इस नापाक कदम के बाद टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पता नहीं कब किस खास “पैरवी पुत्र” के लिए वे बलि का बकरा बना दिए जाएं। जाहिर है कि ऐसे माहौल का खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
इस विषय पर JSCA के अध्यक्ष संजय सहाय, सचिव देवाशीष चक्रवर्ती और कोषाध्यक्ष राजीव बधान से व्हाट्सएप पर मोनू के चयन से जुड़े सवाल पूछे गए लेकिन सभी पदाधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है।


कौन हैं मोनू सिंह ?
रांची के रहनेवाले मोनू सिंह मध्यम गति के तेज गेंदबाज हैं। जिन्होंने झारखंड के लिए T 20 और वनडे फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है लेकिन रणजी खेलने का अवसर नहीं मिल पाया है। मोनू IPL में चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा भी रहे हैं और U 19 भारतीय टीम में भी शामिल रहे हैं।


JSCA में बिल्लियों से ही मछली की निगरानी कराने का इतिहास रहा है
पांच साल पहले एक चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में पैसे के बल पर झारखंड रणजी टीम में जगह दिलाने की सेटिंग करनेवाले लोग अब JSCA मैनेजमेंट का हिस्सा बन बैठे तो पैरवी के बल पर टीम में जगह मिलना अपेक्षाकृत आसान हो गया है। स्टिंग ऑपरेशन के बाद रांची जिला क्रिकेट संघ के तत्कालीन सचिव मोहम्मद वसीम हटा दिए गए थे। वर्तमान अध्यक्ष संजय सहाय को जांच का जिम्मा दिया गया था और उन्होंने वसीम को क्लीनचिट थमा दी और मैनेजमेंट में अपना साथी बना लिया। ऐसे में जो हो रहा है उससे ज्यादा की अपेक्षा की जानी चाहिए।







