| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
एक लंबा इंतजार आज खत्म हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड खेल नीति 2022 का लोकार्पण प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित सभागार से किया। मौके पर कई खेल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित सभागार से नई झारखंड खेल नीति 2022 का लोकार्पण किया। मौके पर कई खेल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया है। जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी भारतीय टीम में शामिल ब्यूटी डुंगडुंग को भी सम्मान मिला है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्लेयर सलीमा टेटे निक्की प्रधान और संगीता कुमारी भी सम्मानित किए गए हैं। हालांकि ये खिलाड़ी कार्यक्रम में शामिल नही थीं। वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल ये खिलाड़ी बेंगलुरु के राष्ट्रीय कैंप में अगले प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास शिविर में है। कार्यक्रम में उनके अभिभावकों को सीएम ने सम्मानित किया है। ब्यूटी डुंगडुंग को एक लाख रुपये का चेक अवार्ड दिया गया तो , वहीं संगीता, निक्की और सलीमा को 5-5 लाख रुपये का चेक आवर्ड देकर सम्मानित किया गया।




नई खेल नीति में खिलाड़ियों के कल्याण के लिए कई प्रावधान
जिसमें छात्रवृत्ति का भुगतान, पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन का भुगतान, खिलाड़ियों को सम्मान राशि का भुगतान, प्रशिक्षकों को सम्मान राशि, खेल प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी बाहर खेलने जाना चाहते हैं, उनके लिए भी सुविधाएं दी जाएगी। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नौकरी में आरक्षण, शैक्षणिक संस्थाओं में आरक्षण, सीधी भर्ती के आधार पर नियुक्ति का लाभ भी मिलेगा।
खेल संरचना का विकास
खेल संरचनाओं के विकास के लिए पंचायत स्तर पर वित्त आयोग की राशि का उपयोग किया जाएगा। पंचायत स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के लिए महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम अंतर्गत राशि का उपयोग किया जाएगा। प्रखंड स्तर तक इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट व्यवस्था करने का प्रावधान है।
उद्योग और निजी क्षेत्र में खेल को बढ़ावा
उद्योग और निजी क्षेत्र में खेल प्रोत्साहन के तहत खेल को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं खिलाड़ियों को निजी क्षेत्र की ओर से गोद लिया जा सके यैसे प्रावधान भी इस नीति में है। खिलाड़ी प्रशिक्षक और संसाधन का डिजिटल डाटा बेस तैयार किया जा रहा है। खेल और पर्यटन को बढ़ावा देना इस नीति का उद्देश्य है। राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाकर खिलाड़ियों के विकास के लिए पहल होगी।


सीएम ने कहा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दौरान कहा कि खिलाड़ियों के विकास के लिए एक पॉलिसी की जरूरत थी। इसी के तहत इस खेल नीति को धरातल पर उतारा गया है। आशा है कि यह नीति खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर साबित होगा। मौके पर सीएम ने कहा कि खिलाड़ियों को दिए जा रहे सम्मान राशि में बदलाव होगा। मिनिमम 50,000 रुपए खिलाड़ियों को सम्मान राशि दिया जाएगा। इसे लेकर विभाग को मुख्यमंत्री ने विशेष दिशा-निर्देश दिया है।


खेल नीति 2022 के प्रावधानों के क्रियान्वयन के लिए विभिन्न नियमावली का गठन किया जाना बाकी है अभी
नई खेल नीति के कुछ जरूरी पॉइंट भी है। इसे जान लेना भी जरूरी है। राज्य में सभी खिलाड़ी प्रशिक्षक और संसाधन स्टेडियम का भी डिजिटल डाटा बेस तैयार किया जाएगा। जिससे डाटा आधारित नीति निर्धारण और क्रियान्वयन सही तरीके से किया जा सके। खेल नीति 2022 के प्रावधानों के क्रियान्वयन के लिए विभिन्न नियमावली का गठन किया जाना अभी भी बाकी है। जो घोषणाएं इस खेल नीति 2022 के लोकार्पण के दौरान किया गया। उन घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए अभी लंबा इन्तजार करना होगा।
इन खिलाड़ियों को मिला चेक अवार्ड
पंकज कुमार रजक-10 लाख रुपये का डमी चेक
संगीता कुमारी- 5 लाख रुपये का डमी चेक
सलीमा टेटे- 5 लाख रुपये का डमी चेक
निक्की प्रधान- 5 लाख रुपये का डमी चेक
आशा किरण बारला- 1 लाख रुपये का डमी चेक
सुप्रिती कक्षप- 40,000 रुपये का डमी चेक
फ्लोरेंस बारला- 45,000 रुपये का डमी चेक
विशाखा सिंह – 15000 रुपये का डमी चेक
रिया कुमारी- 15000 रुपये का डमी चेक
विधि रावल- 15000 रुपये का डमी चेक
आकाश यादव- 35000 रुपये का डमी चेक
हेमंत कुमार- 35000 रुपये का डमी चेक
ब्यूटी डुंगडुंग- 1 लाख रुपये का डमी चेक







