| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
43वीं अखिल भारतीय महिला रेलवे हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन 20 दिसंबर 2022 से 26 दिसंबर 2022 तक दक्षिणी पूर्वी रेलवे खेल संघ रांची द्वारा हटिया स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा।
गौरतलब है कि 5 वर्ष बाद इस चैंपियनशिप का मेजबानी करने का मौका रांची रेल मंडल को मिला है। इससे पहले रांची रेल मंडल द्वारा वर्ष 2004, 2010 2012 और 2017-18 में इस चैंपियनशिप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनल रेलवे और इकाइयों के कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है
पूल- A
उत्तर रेलवे
उत्तर मध्य रेलवे
पूर्व मध्य रेलवे
दक्षिण पूर्व रेलवे
पूल- B
मध्य रेलवे
रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला
उत्तर पूर्व रेलवे
पश्चिम रेलवे
प्रतियोगिता के दौरान लीग मैच के बाद सेमीफाइनल और फाइनल सहित कुल 16 मैच खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में रियो ओलंपिक 2016 और टोक्यो ओलंपिक 2020 की अधिकांश खिलाड़ी अपने अपने जोनल रेलवे की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
इस प्रतियोगिता में पद्मश्री और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित वंदना कटारिया अर्जुन अवार्ड से सम्मानित मोनिका के अलावा अन्य 15 ओलंपियन सुशीला चानू पुखरमबम, गुरजीत कौर, नवनीत कौर, रजनी, निक्की प्रधान, नेहा गोयल, निशा वारसी, सलीमा टेटे, रीना खोखर, लालरेम सियामी, नवजोत कौर, रेणुका यादव, प्रीति दुबे, सुश्री शैली भी हिस्सा लेगी। रांची मंडल के लिए ओलंपिया निक्की प्रधान सलीमा टेटे और राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले चुकी संगीता कुमारी हिस्सा लेंगी।
चैंपियनशिप के दौरान सेमीफाइनल और फाइनल मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता ट्रॉफी के अलावा बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और बेस्ट गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया जाएगा। सभी मैच का आयोजन हटिया स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा।
आम जनों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है।







