| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
रांची के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के बीच एक संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें राष्ट्रमंडल खेलों में आयोजित लॉन बॉल प्रतियोगिता में भारत के लिए पदक जीतनेवाले सुनील बहादुर, लवली चौबे और दिनेश कुमार शामिल हुए।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने की इच्छा को जागृत करना रहा। इस दौरान 2022 में बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता दिनेश कुमार ने खेल के प्रति अपनी रुचि संबंधित बच्चों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए छात्रों को दिनचर्या में शारीरिक खेलों को नियमित रूप से शामिल करने के लिए प्रेरित किया। लवली चौबे ने खेल को हृदय और मस्तिष्क में एकाग्रता स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम बताया। वहीं सुनील बहादुर ने विद्यार्थियों को फोकस होकर पढ़ने और खेलने की नसीहत दी है।
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य डॉ राम सिंह ने कहा कि इस तरह का कार्यक्रम स्कूल में लगातार जारी है। जिसका फायदा छात्र छात्राओं को मिल रहा है। लॉन बॉल कोच मधुकांत पाठक और स्कूल के कई शिक्षक भी कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे।







