| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहीं ठौर।
मतलब अगर भगवान रूठ जाएं तो गुरु का सहारा है लेकिन अगर गुरु रूठ गए तो कहीं शरण नही मिलेगी।
झारखंड में गुरु के सम्मान को लेकर अधिकारी कितने असंवेदनशील हैं। इसकी बानगी आज स्टेट गेस्ट हाउस में दिखी। दरअसल फीफा वर्ल्ड कप खेलकर रांची लौटी झारखंड की 6 बेटियों का आज CM से मिलने का कार्यक्रम तय है। खिलाड़ियों को प्रोजेक्ट भवन ले जाने के लिए साझा के कनीय कर्मी स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचें। सभी खिलाड़ियों को दो गाड़ियों में लेकर प्रोजेक्ट भवन के लिए निकल गए लेकिन स्टेट गेस्ट हाउस में मौजूद इन खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों को किसी ने पूछा तक नहीं। कोच पथराई आंखों से सब कुछ देखते रह गए। शुरुआती दौर से जिन प्रशिक्षकों ने इन खिलाड़ियों को गढ़ने का काम किया उन्हें आज पूछनेवाला कोई नहीं। बुधवार की देर शाम ये प्रशिक्षक खिलाड़ियों के अभिवादन के लिए एयरपोर्ट पर भी मौजूद रहे लेकिन किसी ने एक बुके देने योग्य भी नहीं समझा।


इससे पहले sportsjharkhand.com की एक रिपोर्ट में आप पढ़ भी चुके हैं कि किस तरह खिलाड़ियों को आनन-फानन में रांची के मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में ठहराया गया। गेस्ट हाउस परिसर में भी अनीता कुमारी और नीतू लिंडा को पिछले 7 वर्षों से फुटबॉल का गुर सिखा रहे शुरुआती दौर के कोच आनंद कुमार गोप रात को एयरपोर्ट के बाद यहां भी पहुंचे थे। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा हजारीबाग में संचालित आवासीय सेंटर की प्रशिक्षक सोनी कुमारी भी स्टेट गेस्ट हाउस में अपने खिलाड़ियों से मिलने पहुंचे थी। दोनों कोच खुश हैं कि उनकी मेहनत रंग लाई है लेकिन दिल के अंदर एक टीस भी है।


बताते चलें कि सोनी कुमारी वर्ष 2018 से पूर्णिमा कुमारी और अष्टम उरांव की कोच है। जबकि आनंद कुमार गोप वर्ष 2013 से अनीता और नीतू को फुटबॉल सिखा रहे हैं। ना तो इनकी सुध किसी विभागीय पदाधिकारी ने ली और ना ही किसी ने भी इन गुरुओं का मान रखा। सोनी कुमारी पिछले डेढ़ साल से तनख्वाह को तरस रही हैं जबकि आनंद गोप की सुध कभी खेल निदेशालय ने ली ही नहीं। गुरु तो सिर्फ और सिर्फ सम्मान के भूखे हैं। लेकिन यह विभाग इन गुरुओं को सम्मान देने में भी कंजूसी कर गया।
दुर्भाग्य है झारखंड का !







