आज सुबह-सुबह व्हाट्सएप्प पर एक संदेश मिला
Good morning sir
Today is the date when 34th National Games were inaugurated ten years ago.
Regards
ये संदेश राष्ट्रीय खेल के दौरान तन-मन-धन से सहयोग करनेवाले एक वेंडर ने भेजा है, जो आज भी अपनी बकाये राशि के भुगतान के लिए परेशान है। पिछले 10 वर्षों में कई दर्ज़न बार रांची आकर अधिकारियों से गुहार लगा चुका है लेकिन परिणाम ढाक के तीन पात से ज्यादा कुछ भी नहीं निकला। इस वेंडर से अपना परिचय 10 फरवरी 2011 को गर्म-गर्म गुलाबजामुन के रसस्वादन के साथ हुआ था, संबंधों की मिठास आज तक जारी है लेकिन संदेश के पीछे छिपे दर्द को भी साफ-साफ महसूस किया जा सकता है।
इस संदेश के बाद राष्ट्रीय खेल आयोजन से जुड़े सैकड़ों यादें मन मस्तिष्क पर घुमड़ने लगीं। आज ही के दिन ठीक 10 साल पहले 12 फरवरी 2011 को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बीच 34वें राष्ट्रीय खेलों का रंगारंग आगाज़ हुआ था। सुखविंदर के चक दे इंडिया को गूंजे हुए देखते ही देखते 10 साल गुजर गए। भ्रष्टाचार के आरोप जहां थे लगभग वहीं हैं। हां कुछ जांच/न्यायिक औपचारिकताएं भर पूरी हुई हैं। जांच एजेंसी भी आरोपों की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। मामला विभिन्न अदालतों के दरवाजे पर निपटने की बाट जोह रहा है।







