JSSPS की लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) ने 2020-21 में लाखों रुपये खर्च कर प्रशासनिक भवन में वातानुकूलित ऑफिस व उसकी साज़-सज्जा कराई। इससे पहले 2015-16 में भी लाखों रुपये खर्च कर गर्ल्स हॉस्टल में एक ऑफिस बनाया गया था। खुद के लिए दो-दो ऑफिस बन गए लेकिन पिछले 4 वर्षों से उजड़ रहे मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के स्टेडियमों की रिपेयरिंग नहीं हो पाई। LMC के जो सदस्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के चैम्बर में बैठते हैं ज़रा उनका दरभंगा हाउस का चैम्बर भी देख लेना चाहिए।
बाप न मारे मेंढकी, बेटा तीरंदाज !
2015-16 में 24.71 करोड़ की लागत से स्टेडियम की रिपेयरिंग/रेनोवेशन हुआ था। उसके बाद भी प्रति वर्ष लाखों-करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं। इसके बावजूद फोटो के माध्यम से आपको दिखाते हैं कि मेगा स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स कैसे उजड़ रहा है और इसे बचाने के नाम पर जेएसएसपीएस के कारिंदे कुछ नहीं कर रहे सिर्फ और सिर्फ वातानुकूलित ऑफिस में बैठकर टेंडर-टेंडर खेल रहे हैं


ये प्रशासनिक भवन है दक्षिणी भाग का एक बड़ा हिस्सा आंधी अपने साथ ले गई। 2017 में भी उत्तरी व दक्षिणी भाग का हिस्सा उड़ गया था।


2017 में भी उत्तरी हिस्से के सामने रिपेयरिंग हो गई लेकिन उत्तरी कोने के पिछले भाग को ऐसे ही छोड़ दिया गया


ये टाना भगत स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार का उत्तरी भाग है। 2017 में उड़ी ये छत आज तक बन नहीं पाई है


ये गणपत राय स्टेडियम है यहां की भी चिल्फी उड़नी शुरू हो गई है


ये विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम है, इसकी छत भी 2017 में उड़ गई थी, बनने की आस में है।


ये मुख्य स्टेडियम का टावर है। कुछ भाग उजड़ गया है, कुछ उजड़ने की तैयारी में है।


ये है प्रवेश द्वार के पास का पट्ट, हवा के झोंके अपने साथ कुछ अक्षर व मात्राएं भी ले उड़े हैं


जब स्टेडियमों की छत से उड़े एसीपी (चदरा) रिपेयरिंग के कोई काम न आये तो सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने अपने लिए इन एसीपी से एक छोटी सी झोपड़ी बना ली। जो बारिश में भिगने से कुछ हद बचने के काम आती है
अफ़सोस है कि जिन्हें खेल के संदर्भ में कोई विशेष ज्ञान नहीं वे खेल का विकास कर रहे हैं। एलएमसी के सीइओ माइनिंग के जानकार हैं, सलाहकार सुरक्षा के जानकार, अन्य लोग कागज पर काले रंग भरने के माहिर खिलाड़ी और यही सब मिलकर चला रहे ऑपरेशन ओलंपिक गोल्ड !
जिन्हें जमीन-पहाड़ खोद ‘गोल्ड’ निकालने में महारथ हासिल है उन्हें थमा दिया है ऑपरेशन ओलंपिक गोल्ड !
ये सब मिलकर मेगा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स ही न खोद डालें… विशेषज्ञता जो ठहरी। इन्हें रोकना होगा व रोकना होगा वरना काफी देर हो जाएगी







