| रांची |
कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) का चुनाव 21 सितंबर को होना है लेकिन चुनाव लड़ रहे दोनों ग्रुप के चुनावी एजेंडे से संस्था में व्याप्त प्रशासनिक व वित्तीय भ्रष्टाचार और मुफ्तखोरी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे गायब हैं। ऐसा तब है जब पिछले 30 माह के दौरान CCC में व्याप्त भ्रष्टाचार और मुफ्तखोरी की कम से कम पांच शिकायत रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज व उससे जुड़े पंचाट में लिखित तौर पर दर्ज कराई गई है। एक मामले के शिकायतकर्ता अब दिवंगत हो गए हैं जबकि 2 शिकायतकर्ता अपने मामले की मजबूती से पैरवी कर रहे हैं अन्य दो शिकायतकर्ता अपना हिस्सा-बखरा देखते हुए ससमय अपनी रणनीति अदल-बदल रहे हैं। एक शिकायतकर्ता तो इस चुनाव में डायरेक्टर पद के उम्मीदवार भी हैं। आश्चर्य की बात है कि CCC जैसी संस्था के द्विवार्षिक चुनाव में भ्रष्टाचार और मुफ्तखोरी किसी भी ग्रुप के लिए चुनावी मुद्दा नहीं है। पता हो कि CCC के चुनाव में सुनील साहू और भानु प्रताप सिंह की अध्यक्षता में दो ग्रुप आमने सामने हैं।
1000 रुपए से कम की दिहाड़ी पर कार्यरत कर्मी छठे तल्ले के कमरे पर पिछले कई वर्षों से काबिज़
मुफ्तखोरी का आलम ये है कि CCC में 1000 हजार रुपए से भी कम की दिहाड़ी पर नौकरी कर रहा एक कर्मी छठे तल्ले के एक कमरे पर पिछले कई वर्षों से काबिज़ है। CCC मेंबर के लिए इस कमरे का किराया लगभग 2000 रुपए प्रतिदिन है, मतलब एक कर्मी के ठहरने पर लगभग 60 हजार रुपए प्रतिमाह की मुफ्तखोरी। ये मुफ्तखोर CCC में आठों पहर निःशुल्क नाश्ते, भोजन और ड्रिंक्स का भी लुत्फ उठाता है। कारण है कि ये मुफ्तखोर CCC की पैतृक संस्था JSCA का आजीवन वोटर है और 11 वर्षों तक JSCA के सचिव और तीन वर्षों तक CCC का अध्यक्ष रहे सख्श का “हरिलाल नाई” (फिल्म शोले में जेलर का जासूस) भी। ऐसी विशेष व्यवस्था CCC के किसी अन्य कर्मी के नसीब में नहीं लेकिन ऐसा नहीं कि CCC का ये अकेला मुफ्तखोर है। एक मुफ्तखोर ज्ञान की गंगा बहाने के नाम पर वीकेंड की छुट्टियां मनाने और TA/DA बटोरने के लिए हर दूसरे सप्ताह येन केन प्रकारेण चेले चपाटियों के साथ CCC की सेवा का लुत्फ उठाता है। खंभे का शौकीन एक मुफ्तखोर “खंभा” और TA/DA के लिए जब मर्जी हुए तब 135 किलोमीटर का सफर तय कर लेता है। एक अन्य मुफ्तखोर CCC मैनेजिंग कमिटी का हिस्सा नहीं होने के बावजूद CCC की ज्यादातर “खरीदारी टीम” में शामिल हो जाता है। ये सभी मुफ्तखोर सत्ता में हिस्सेदारी के पर्याय बन चुके हैं, सत्ता पर कोई भी रहे इन मुफ्तखोरों की मौज बनी रहती है।







