| रांची
sportsjharkhand.com EXCLUSIVE |
भारतीय क्रिकेट के विश्व विजयी कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने झारखंड पर्यटन विभाग (झारखंड टूरिज्म) का ब्रांड एंबेसेडर बनने पर अपनी सहमति दे दी है। कागजी प्रक्रिया के निपटने के बाद धौनी जल्द ही देश विदेश के पर्यटकों को झारखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थलों से अवगत कराते हुए नजर आएंगे। शनिवार को JSCA स्टेडियम में पर्यटन, कला संस्कृति, खेल कूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से हुई मुलाकात के बाद महेंद्र सिंह धौनी ने झारखंड पर्यटन (झारखंड टूरिज्म) के लिए ब्रांड एंबेसेडर बनने पर अपनी सहमति दे दी। बैठक के दौरान झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ साहदेव और धौनी के मित्र चित्तू भी मौजूद थे। पता हो कि इसके पहले अर्जुन मुंडा के सरकार में महेंद्र सिंह धौनी झारखंड सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग के लिए भी ब्रांडिंग का काम कर चुके हैं। इस संदर्भ में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने sportsjharkhand.com को बताया कि सकारात्मक बातचीत हुई है और जैसे ही कुछ विशेष होगा आप सभी से शेयर किया जाएगा। हालांकि उन्होंने सोशल साइट्स पर अपने पोस्ट पर स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने लिखा है…
“खेल और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महेंद्र सिंह धौनी का सहयोग राज्य सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। उनकी विशेषज्ञता और अनुभव निश्चित रूप से विकास को गति प्रदान करेंगे”
सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री, पर्यटन, कला संस्कृति, खेल कूद एवं युवा कार्य विभाग







