| रांची |
झारखंड एशियाई महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 के आयोजन के दौरान प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता – भाग 7
खेल निदेशालय के अधिकारियों/कर्मचारियों ने झारखंड एशियाई महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2023 के दौरान कर्तव्यहीनता की सारी हदें पार कर दीं। बीके ट्रेवल्स नामक संस्था से देश विदेश से आए हॉकी के पदाधिकारियों व तकनीकी अधिकारियों के आवागमन के लिए जो गाड़ियां भाड़े पर ली गईं थीं, उनके लॉग बुक प्रशासनिक व वित्तीय भ्रष्टाचार की पोल खोल रहे हैं। लॉग बुक में ना तो वाहन का उपयोग करनेवाले अधिकारी/पदाधिकारी का नाम है, ना ही किस तारीख को वाहन कहां से कहां तक गया इसकी जानकारी दर्ज है। लॉग बुक में सिर्फ और सिर्फ आने की तिथि और जाने की तिथि के साथ किलोमीटर दर्ज है जबकि लॉग बुक में ऐसी जानकारी दर्ज करने का कॉलम ही नहीं बना है। लॉग बुक का फॉर्मेट देखने से ही पता चलता है कि आयोजन के बाद सादे कागज पर एक फॉर्मेट तैयार कर टेबल वर्क के जरिए कागजी खानापूर्ति पूरी की गई है। आश्चर्य की बात है कि खिलाड़ियों के छात्रवृति और कैश अवॉर्ड के आवेदनों पर कमियां निकाल कैंची चलानेवाले निदेशक सुशांत गौरव को ये कमियां नजर नहीं आईं और उन्होंने भुगतान कर दिया। वाहनों का एक तय फॉर्मेट में लॉग बुक रजिस्टर खुले बाजार में उपलब्ध है और ज्यादातर सरकारी दफ्तरों में यही उपयोग में लाया जाता है लेकिन निदेशालय के “कु”कर्मयोगियों ने अपनी कर्तव्यहीनता सार्वजनिक कर दी।
27 में से 13 वाहन के लॉग बुक फाइल से गायब
सूचनाधिकार के जरिए मिली आयोजन से जुड़ी मूल संचिका के अवलोकन से पता चलता है कि बीके ट्रेवल्स की ओर से जो 27 वाहन उपलब्ध कराए गए थे उनमें से 13 वाहनों के लॉग बुक है ही नहीं। मात्र 14 वाहनों के लॉग बुक ही संचिका का हिस्सा हैं।
सभी 14 वाहन हॉकी इंडिया ने रिसीव किए
लॉग बुक में दर्ज है कि सभी 14 वाहन हॉकी इंडिया ने अमुख तारीख को रिसीव किया। लॉग बुक किसी तरुण नामक व्यक्ति ने निर्गत किए हैं। अगर हॉकी इंडिया ने सभी वाहन रिसीव किए तो उनकी भी जिम्मेवारी बनती थी कि सभी वाहनों के लॉग बुक सही तरीके से मेंटेन किए जाएं लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
वाहन के मालिक ज्योति गुप्ता लेकिन लॉग बुक ने रोहित को बताया मालिक
जो 14 लॉग बुक संचिका में हैं, उनमें से ज्यादातर लॉग बुक में वाहन मालिकों के नाम गलत दर्ज किए गए हैं। एकाध मामलों को छोड़ दें तो ज्यादातर लॉग बुक में यही गलती दोहराई गई है। वाहन संख्या JH 01 CJ 0777 के वाहन मालिक ज्योति गुप्ता हैं जबकि लॉग बुक में रोहित दर्ज है। यही नहीं लॉग बुक में गाड़ियों के ड्राइवर का नाम और हस्ताक्षर भी गायब है।







