| रांची
चंदन भट्टाचार्य |
कहीं खंडहर न बन जाएं ये धरोहर भाग- 7
क्या आप फाइव स्टार होटल के शॉवर का मजा फ्री में लेना चाहते हैं ? हां ! तो इन दिनों आपको हरिवंश टाना भगत इनडोर स्टेडियम में यह सुविधा मुफ्त में मिल जाएगी। हम यूं ही नहीं कह रहे हैं। बल्कि इन तस्वीरों और वीडियो में साफ-साफ यह नजारा दिख रहा है। आप भी आंखों के जरिए शॉवर का मजा लीजिए
कहीं खंडहर न बन जाएं ये धरोहर सीरीज के तहत खेल गांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्थिति से लगातार हम आपको रूबरू करा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के ये स्टेडियम बदहाली के कगार पर है। अत्याधुनिक सुविधा होने के बावजूद खिलाड़ियों को हर दिन इस परिसर के विभिन्न स्टेडियम में आज असुविधा और अव्यवस्था का आलम झेलना पड़ रहा है। खिलाड़ियों का अलग दर्द है और खेल का हाल इस राज्य में बेहाल है। नई खेल नीति के तहत गांव-प्रखंड स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की बात कही जा रही है। लेकिन जो इंफ्रास्ट्रक्चर पहले से बनकर तैयार हैं, उन स्टेडियम को संजो कर रखना भी मुश्किल हो रहा है। आज हम सीरीज के सातवें भाग में इसी कॉम्प्लेक्स में स्थित राज्य के सबसे बड़े इंडोर स्टेडियम हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम के बदहाली की तस्वीर से आपको रूबरू करा रहे हैं।








टाना भगत इंडोर स्टेडियम 45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया था। 4000 दर्शकों के बैठने की क्षमता इस स्टेडियम में है। वॉलीबॉल, बास्केटबॉल , हैंडबॉल, कबड्डी जैसे इंडोर खेल आयोजन के लिए यह स्टेडियम तैयार किया गया था। 2015-16 में CCL ने अपने CSR फंड से रंग रोगन समेत कुछ रिपेयरिंग जरूर कराई। लेकिन छत से प्लेइंग एरेना में पानी का चूना अभी भी जारी है। इस चंद सेकंड के वीडियो क्लिप से आप इस नजारे को देख सकते हैं।
यह किसी फाइव स्टार होटल के बाथरूम के शॉवर से कम नहीं है। झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) ने प्लेइंग एरेना के वुडन फ्लोरिंग की थोड़ी-बहुत मरम्मती भी कराई है। लेकिन इस मरम्मती के बाद प्लेइंग एरेना और बर्बाद हो गया है। कारण यह है कि रिपेयरिंग किसी विशेषज्ञ से कराने के बजाय घर मकान में वुडन फ्लोर बनाने वालों से यह कराई गई और जिसका नतीजा इन तस्वीरों के जरिए आपके सामने है। खेलने की कौन पूछे अगर ध्यान से नहीं चल रहे हैं तो आपकी हड्डी टूटनी तय है। तस्वीरों में आप साफ-साफ देख सकते हैं कि प्लाई की पैबंद से नाकामी को ढकने का असफल प्रयास किया गया है। हालांकि एक ना एक दिन गलतियां तो उभर कर सामने आते ही है और जिसका नजारा है यह तस्वीर।




इस स्टेडियम के वुडन फ्लोरिंग की हालत बद से बदतर है। प्लाई से ढक ढक कर काम चलाया जा रहा है। कहीं बड़ा छेद बना हुआ है तो कहीं उबड़ खाबड़ की स्थिति है। खिलाड़ियों को किस कदर इस उडेन फ्लोर में खेलने में परेशानी हो रही है वह तो खिलाड़ी ही जानते हैं। मामले को लेकर खिलाड़ियों से भी बात की गई। उन्होंने भी इसकी दुर्दशा के जिम्मेदार संबंधित लोगों को बताया है। इन तस्वीरों को देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इस स्टेडियम की हालत भी इस कॉम्प्लेक्स में स्थित अन्य स्टेडियम की तरह ही है। यह स्टेडियम भी बाहर से फीट फाट और अंदर से मोकामा घाट की कहावत को चरितार्थ कर रहा है। बाहर से भी छत की ACP उड़ रही है लेकिन चार साल बाद भी रिपेयरिंग नहीं हो पाई है। बताते चलें कि इस पूरे स्टेडियम के अंदर और बाहर हाय रेजुलेशन वाला सीसीटीवी (CCTV) कैमरा भी लगाया गया है। लेकिन इन कैमरों की हालत भी खराब हो चुकी है। टेढ़े मेढ़े एंगेल और स्थिति में कैमरा सिर्फ और सिर्फ स्टेडियम की शोभा बढ़ा रहा है। कोई भी कैमरा वर्किंग मोड में नहीं है।






वर्तमान में इसी स्टेडियम में लगातार 40 दिन तक चलने वाले युवा कबड्डी सीरीज का भी आयोजन हो रहा है। अब जरा सोचिए 6 राज्यों के बाहर के जो खिलाड़ी स्टेडियम में खेलने पहुंचे हैं। उनके मन में इस राज्य के खेल खिलाड़ी और स्टेडियम के प्रति क्या भावना जागेगी। क्योंकि खेलने के दौरान बाथरूम के शॉवर की तरह उनके ऊपर प्लेइंग एरिया के बीचो-बीच बारिश का पानी फब्बारे की तरह टपक रहा है।
खिलाड़ी और खेल त्रस्त है और JSSPS के लोग “कट मनी” लेकर मस्त है।







