राज्य सरकार ने राज्य के खिलाड़ियों को नववर्ष का शानदार तोहफा दिया है। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की अध्यक्षता वाली अनुशंसा कमिटी ने 40 खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। खास बात ये रही की कई खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए पात्रता के नियमों व शर्तों को शिथिल करते हुए नियुक्ति की अनुशंसा की गई है। कई खिलाड़ी उम्र के उस पायदान पर पहुंच गए थे जहां नौकरी दूर की कौड़ी थी और कुछ खिलाड़ियों के लिए शिक्षा व अन्य पात्रता की शर्तों में शिथिलता दी गई। तीन खिलाड़ियों का चयन वर्ग ख (उच्च वर्गीय लिपिक/क्लर्क) की नौकरी के लिए हुआ है जबकि 37 खिलाड़ी वर्ग ग (निम्नवर्गीय क्लर्क/सिपाही) के लिए चुने गए हैं। इन 37 में से एक खिलाड़ी बिरसी मुंडू को मंगलवार को CM ने नियुक्ति पत्र दे दिया है। अन्य सभी खिलाड़ियों को कुछ तकनीकी औपचारिकताओं के बाद बहुत जल्द नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए सुख देव बने मुख्य सचिव
सीधी नियुक्ति के लिए चयनित 40 खिलाड़ियों में लगभग आधे खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने 2011 के राष्ट्रीय खेल के दौरान पदक जीते थे। उन्ही पदकों के आधार पर आज नौकरी मिल रही है। खास बात ये है की 2011 में खेल विभाग व राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति के सचिव सुखदेव सिंह ही थे, जो आज राज्य के मुख्य सचिव हैं। खेल सचिव थे तो खिलाड़ियों ने जीता मेडल और आज मुख्य सचिव हैं तो मिली नौकरी।
इन खिलाड़ियों के नाम पर लगी मुहर
मधुमिता कुमारी, रितेश आनंद, केएच भाग्यवती चानू, बिरसी मुंडू, लकी मंडल, मनीषा सिंह, वसी उल हसन, कुमारी प्रियंका, इंदु मुंडा, विप्लव कुमार झा, अर्पणा कुमारी, जय लक्ष्मी लगूरी, कविता कुमारी, नवीन कुमार राम, देवानंद बाजके, सीमा कुमार सिन्हा, तुलसी हेंब्रम, राहुल मिंज, ज्योति कुमारी, दीपक बहादुर, रामकुमार भट्ट, आलोक लकड़ा, मोहम्मद अबू तालिब अंसारी, राजीव कुमार साहू, नूतन मिंज, प्रवीण अख्तर, प्रीति कुमारी, विमला मुंडा, फनी भूषण प्रसाद, रीना कुमारी, सुमन लता मुर्मू, सुखमति पूर्ति, संगीता खलखो, फरजाना खान, सरिता तिर्की, लखन हांसदा, दिनेश कुमार, लवली चौबे, कृष्णा खलखो और एम विजय कुमार.