| रांची
चंदन भट्टाचार्य sportsjharkhand.com |
झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी जेएसएसपीएस के कैडेट अंजलि उरांव का इलाज के अभाव में निधन हो गया। रविवार की सुबह उल्टी होने के बाद तबीयत बिगड़ने पर अंजलि को सीसीएल के गांधीनगर अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास हुआ। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अंजली की मौत हो गई। अब यह मामला काफी तूल पकड़ लिया है।


रविवार रात के 9 बजे
अंजली की मौत के बाद हॉस्टल में रह रहे कैडेट्स रविवार की देर शाम करीब 9 बजे उग्र हो गए। वे हॉस्टल से बाहर निकल इस हृदयविदारक घटना के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। गौरतलब है कि कैडेट्स को पता ही नहीं था कि अंजली उरांव का शव लोहरदगा जा चुका है। यह बात प्रबंधन ने इन खिलाड़ियों से छुपाई थी। जिस कारण कैडेट्स सड़कों पर उतरे और यह मामला तूल पकड़ लिया। बॉयज हॉस्टल के कैडेट्स के साथ साथ गर्ल्स हॉस्टल के तमाम केडेट्स JSSPS प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रबंधन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सभी गेट बंद करवा दिए थे। लेकिन कैडेट्स चहारदीवारी फांद कर सड़क पर उतर गए। खेल गांव से निकलकर कैडेट्स बूटी मोड़ की ओर बढ़े। पुलिस प्रशासन भी इन खिलाड़ियों को संभालने में नाकाम रही। सबसे गंभीर बात यह है कि इन खिलाड़ियों में अधिकतर नाबालिक बच्चे और बच्चियां है और पुलिस इन पर कार्रवाई भी नहीं कर पा रही थी। इसके बावजूद कैडेट्स को रोकने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी, जिसमें कुछ कैडेट्स घायल भी हुए।


एक घंटे बाद
रात 10 बजे
इन बच्चों को सदर डीएसपी लगातार समझा रहे थें। लेकिन बच्चे समझने को तैयार नही थे। बूटी मोड़ के समक्ष कैडेटस को रोक दिया गया। मौके पर सदर डीएसपी दल बल के साथ पहुंचे थे, लेकिन आक्रोशित इन खिलाड़ियों के समक्ष पुलिस प्रशासन की एक भी ना चली। पहले तो खिलाड़ी जेएसएसपीएस के सीईओ से तत्काल मिलने की मांग पर अड़े। लेकिन जब जेएसएसपीएस के सीईओ गिरीश कुमार पहुंचे तब खिलाड़ियों ने अंजलि के शव को देखने के लिए रिम्स जाने की जिद करने लगे।


रात 10 : 45
बरियातू( सेवंथ डे एड्वेंटिस्ट स्कूल के समीप)
डीएसपी द्वारा कार्रवाई के आश्वासन मिलने पर भी खिलाड़ी नही माने, खिलााड़ी छोटे छोटे ग्रुप में रिम्स की और भाग रहें थे। खिलाड़ियों का कहना था कि जेएसएसपीएस में उनका शोषण होता है। उन्हें मारा पीटा- जाता है। सुविधाओं के नाम पर सिर्फ और सिर्फ जेएसएसपीएस बात करती है और जेएसएसपीएस की लापरवाही के कारण उनके साथी की मौत हुई है।


रात के 11:05 बजे
चेशायर होम रोड होते हुए बच्चे रिम्स पहुंच गए और रिम्स के इमरजेंसी गेट के समक्ष भीड़ की शक्ल में जुट गए। काफी संख्या में बच्चे रिम्स पहुंचे थे। जो बच्चे हॉस्टल गए थे वह वापस सड़को पर आ गए। इस बीच पुलिस ने बच्चों पर हल्का बल प्रयोग किया एक बच्चा मामूली रुप से घायल हो गया था। जिसका प्राथमिक उपचार रिम्स में ही कराया गया। प्रशासन की मानें तो बच्चों के बीच हुई धक्का-मुक्की में बच्चे को हल्की चोट लगी है। जबकि केडेट्स का कहना था कि उन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। जेएसएसपीएस प्रबंधन के खिलाफ रिम्स के इमरजेंसी गेट के समक्ष जमकर नारेबाजी हुई।


रात के 11:52
काफी देर तक खिलाड़ी रिम्स के इमरजेंसी गेट के समक्ष डटे रहे। इस दौरान उन्हें मना कर हॉस्टल पहुंचाने की कोशिश होती रही। जेएसएसपीएस के कई बड़े अधिकारियों के अलावे सीसीएल के जीएम स्तर के अधिकारी भी रिम्स इमरजेंसी गेट के समक्ष पहुंचे और जेएसएसपीएस के कैडेट्स को समझाने की कोशिश की गई। अंत तक बच्चे कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। बच्चों को समझाने के लिए अंजलि की बड़ी बहन से भी वीडियो कॉल के जरिए बात कराई गई।


इसके बावजूद बच्चे नहीं माने। सीसीएल प्रबंधन ने एलएमसी के पूर्व सीईओ वसाब चौधरी को बुलाया फिर मामला थोड़ा शांत हुआ।


रात के 12:42 बजे
बच्चों को पुलिस द्वारा बलपूर्वक जबरन बसों पर बैठाया गया और उन्हें हॉस्टल पहुंचाया गया। इस दौरान जेएसएसपीएस से जुड़े कई कोच, खेल एसोसिएशन से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंचे।


रात के 1:00 बजे
बच्चे बस से हॉस्टल पहुंचे, सारे बच्चों की काउंटिंग में सभी उपस्थित मिले, वसाब चौधरी बच्चों को हॉस्टल में समझाने में जुटे।


सदर डीएसपी प्रभात रंजन ने मामले की जानकारी sportsjharkhand.com को दी….
देखें वीडियो………
खिलाड़ियों के भीड़ को देखते हुए रांची के कई थाना के प्रभारियों को रिम्स बुलाया गया था। रांची के कोतवाली थाना इंचार्ज, जगरनाथपूर थाना इंचार्ज, सदर थाना प्रभारी, बरियातू थाना प्रभारी के साथ साथ चुटिया थाना प्रभारी को भी मौके पर बुलाया गया। वहीं डीएसपी सदर प्रभात कुमार बरवार और डीएसपी जितेनवाहन उरांव देर रात तक मौके पर मौजूद रहे।







