| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी (JSSPS) की कैडेट अंजली उरांव की मृत्यु इलाज के अभाव में रविवार की सुबह हो गई थी। JSSPS प्रबंधन का काम देख रहे CCL के अफसरों पर कर्तव्यहीनता का आरोप लगा 300 कैडेट्स आंदोलन पर चले गए थे। इसके बाद अंजली उरांव के परिजनों को साधने के लिए CCL प्रबंधन ने अपने अफसरों को अंजली उरांव के अंतिम संस्कार में भेजा। वहां CCL के अफसरों ने मुआवजे का पासा फेंक परिजनों को साधा और अंतिम संस्कार के लिए 40 हजार रुपए नकद दिए। इसके अगले ही दिन CCL की महिला अधिकारियों की टीम दोबारा 1 लाख रुपए नकद का मुआवजा लेकर लोहरदगा पहुंची। 1 लाख 40 हजार रुपए का मुआवजा मिल जाने के बाद अंजली उरांव के परिजनों और गांव के मुखिया ने रांची का रुख किया।
शुक्रवार को अकाउंट में 5 लाख रुपए होंगे ट्रांसफर
अंजली उरांव के परिजनों और गांव के मुखिया ने 25 लाख रुपए और नौकरी की मांग CCL प्रबंधन के समक्ष रखी थी। बाद में 5 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बनी और CCL प्रबंधन ने इसकी मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को ये रकम अंजली के परिजनों के अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा। इस तरह इलाज के अभाव में काल के गाल में समाने वाली अंजली के परिजनों को CCL की ओर से 6 लाख 40 हजार रुपए का मुआवजा दिया।









