| रांची |
झारखंड के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के मंत्री हफीजुल हसन और शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो पर एचइसी स्थित JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्रवेश पर बैन लगाने का नीतिगत निर्णय झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने ले लिया है। 1 मई को JSCA स्टेडियम में आयोजित वार्षिक आम सभा (AGM) के दौरान सर्वसम्मति से ये निर्णय लिया गया और सजा के बिंदुओं पर निर्णय लेने के लिए नवनिर्वाचित कमिटी ऑफ मैनेजमेंट को अधिकृत किया गया। पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी ने बगैर किसी का नाम लिए इस मुद्दे को उठाया और कहा कि रांची में 19 नवंबर 2021 को आयोजित भारत बनाम न्यूजीलैंड के टी20 मैच के दौरान दो स्वयंभू बड़े लोगों द्वारा जेएससीए के तत्कालीन ज्वाइंट सेक्रेटरी राजीव बधान के साथ दुर्व्यवहार किया गया था। दुर्व्यवहार पर कड़े निर्णय की वकालत करते हुए अमिताभ ने कहा कि व्यक्ति कितना ही बड़ा सख्शियत क्यों न हो उसके उपर कार्रवाई होनी ही चाहिए। अमिताभ ने 2012 में वानखेडे स्टेडियम में शाहरूख खान पर बैन लगाने के निर्णय का दृष्टांत भी दिया और मुंबई क्रिकेट संघ द्वारा लिए गए निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए मंच से पढ़कर भी सुनाया। इसके बाद आमसभा ने सर्वसम्मति से दो विशिष्ट लोगों के जेएससीए स्टेडियम में प्रवेश पर रोक लगाने पर मुहर लगा दी लेकिन सजा के बिंदुओं पर निर्णय लेने के लिए कमिटी ऑफ मैनेजमेंट को अधिकृत कर दिया। जाहिर है कि वे दो विशिष्ट लोग खेल मंत्री हफीजुल हसन व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ही हैं।
क्या है पूरा मामला ?
19 नवंबर 2021 को रांची के JSCA स्टेडियम में भारत व न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टी-20 मैच के दौरान मंत्रियों को नॉर्थ पवेलियन के वीवीआइपी बॉक्सेस के पास दिए गए थे। जब खेल मंत्री हफीजुल हसन व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो मैच देखने पहुंचे तो बैठने की जगह व साफ-सफाई पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रोटोकॉल का ख्याल रखने की हिदायत भी दी। इसके बाद ज्वाइंट सेक्रेटरी राजीव बधान पहुंचे और उन्होंने मामला संभालने की कोशिश की। बाद में दोनों ही मंत्रियों को मुख्यमंत्री के साथ बैठा नाराजगी दूर की गयी। घटना का वीडियो वायरल हो गया था।


5 साल का बैन लगाने की तैयारी में है JSCA
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार JSCA आलाकमान ने कमिटी ऑफ मैनेजमेंट के प्यादों को साफ निर्देश दे दिया है कि मुंबई क्रिकेट संघ की तर्ज पर कम से कम पांच साल का बैन लगाया जाए। तर्क ये दिया गया है कि मुंबई में शाहरूख खान ने तो एक कनीय स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया था तब पांच साल का बैन लगाया गया था जबकि जेएससीए में तो तत्कालीन ज्वाइंट सेक्रेटरी व वर्तमान कोषाध्यक्ष से दुर्व्यवहार किया गया है। ऐसे में पांच साल का बैन लगाया ही जाना चाहिए।
बैनवा लग जइतउ तो विधायक वाला सलाना मैचवा के का होतउ बाबा !
खेल मंत्री पर JSCA स्टेडियम में प्रवेश पर बैन लग जाने की स्थिति में प्रत्येक वर्ष फरवरी-मार्च में आयोजित होनेवाले विधायकों के मैच का क्या होगा ? दरअसल मैच के आयोजन का प्रशासी विभाग पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ही होता है। अब विभाग के मंत्री के ही JSCA स्टेडियम में ही घुसने पर रोक होगी तो कर्मचारी-अधिकारी क्या और कैसे करेंगे ? पता हो कि पिछले दो वर्षों से विधायकों का मैच JSCA स्टेडियम में ही आयोजित हो रहा है। इससे पहले ये मैच मोरहाबादी व खेल गांव में आयोजित होते रहे हैं।
| मंत्रियों पर कार्रवाई के बहाने क्या संदेश देना चाहता है JSCA
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के पैट्रन इन चीफ राज्यपाल और चीफ पैट्रन मुख्यमंत्री होते हैं। ऐसे में संवैधानिक पद पर विराजमान दोनों महानुभावों की JSCA में “ऑर्नामेंटल मौजूदगी” के बावजूद मुख्यमंत्री के परामर्श के बाद राज्यपाल द्वारा नियुक्त दो मंत्रियों पर की जा रही कार्रवाई के क्या मायने निकाले जाएं ? साफ है कि JSCA ये कड़ा संदेश देना चाहता है कि स्टेडियम परिसर के अंदर वही होगा जो JSCA प्रबंधन चाहेगा, सरकार व मंत्रियों-संत्रियों का आना जाना तो लगा ही रहेगा। पूर्व में भी कीनन स्टेडियम में टिकट की कालाबजारी व तत्कालीन कृषि मंत्री से दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप JSCA पर लगते रहे हैं लेकिन जौ से साथ घुन बनने की कला के माहिर खिलाड़ियों ने मामला आया गया करवा दिया।
|
22 नए लोगों को JSCA की आजीवन सदस्यता
1 मई को आयोजित वार्षिक आम सभा में 22 नए सदस्यों को JSCA की आजीवन सदस्यता देने पर भी मुहर लगाई गई। जिन्हें सदस्यता दी गई उनमें कई वर्तमान व पूर्व खिलाड़ी, एक फिजियो, एक स्कोरर दो IPS व 1 IAS भी शामिल हैं। दोनो IPS को मैच आयोजनो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने का इनाम मिला है। पूर्व में अनुशासनहीनता के आरोप में निष्कासित एक सदस्य को अनुशासनप्रिय मानते हुए वापस सदस्य बनाया गया है।
जिन 22 लोगों को सदस्यता मिली उनमें शामिल हैं
कविता रॉय, आशा दास, अजय यादव, अरुण विद्यार्थी, मोनू सिंह, सन्नी गुप्ता, राहुल मिश्रा, आलोक रॉय, माणिक घोष, परमबीर सिंह, अमित दुबे, दिनेश सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, साकेत सिंह, सुरेंद्र झा व प्रवीण टोप्पो.
सब्बीर हुसैन, सिद्धार्थ राज सिन्हा व एस पी गौतम जैसे क्रिकेटरों का इंतजार और बढ़ा
कई पूर्व व वर्तमान रणजी खिलाड़ियों को आजीवन सदस्यता दे दी गई है लेकिन अपेक्षाकृत सीनियर पूर्व रणजी क्रिकेटर सब्बीर हुसैन, सिद्धार्थ राज सिन्हा व एस पी गौतम जैसे पूर्व क्रिकेटरों का इंतजार अभी और बढ़ गया है। दरअसल ये खिलाड़ी अभी तक JSCA आलाकमान का TTML (ताबड़तोड़ तेल मालिश) करने की कला को आत्मसात नहीं कर पाए हैं। संभवतः यही मूल कारण है कि कई पूरे खिलाड़ियों को आजीवन सदस्यता नहीं मिली है।








