| रांची/गढ़वा |
गढ़वा में शनिवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की होनेवाली वार्षिक आम सभा (AGM) के हंगामेदार होने के आसार नजर आ रहे हैं। 12 बजे से शुरू होनेवाले AGM के दौरान कुछ सवालों पर संघ के पदाधिकारियों के चेहरे पर 12 बजते हुए नजर आएंगे। मेंबरशिप को लेकर हंगामा बरसना तय है। पिछले AGM के दौरान पढ़े गए नाम और जो लिस्ट sportsjharkhand.com ने जारी की है उसमें काफी अंतर नजर आ रहा है। नाम 17 पढ़े गए थे फिर उन्हें बढ़ाकर 33 किया गया और अब सूचना आ रही है कि 29 सदस्यों को सदस्यता दी गई है। गढ़वा, बोकारो, गिरिडीह और दुमका जिले में JSCA और स्थानीय प्रशासकों के बीच का टकराव भी AGM के दौरान चर्चा का विषय बनेगा।
स्व अमिताभ चौधरी के परिजनों को सदस्य बनाने का मुद्दा भी उठेगा
AGM के दौरान कुछ सदस्य स्व अमिताभ चौधरी के परिजनों को संघ की आजीवन सदस्यता दिए जाने का मुद्दा भी उठाएंगे। पिछले एक साल के दौरान अमिताभ चौधरी के परिजनों के साथ मेंबरशिप और अन्य विषयों पर वर्तमान पदाधिकारियों द्वारा की गई बदसलूकी का भी मुद्दा मजबूती से उठेगा। पता हो कि अमिताभ चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान अपने चहेते प्यादों के परिजनों को तो सदस्यता दे दी थी लेकिन खुद के परिजनों को मेंबरशिप नहीं दी थी।







