| रांची |
18 मई को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की एडजर्न्ड वार्षिक आम सभा (AGM) 10 अगस्त को रांची में आयोजित की जाएगी। कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) ने सोमवार की बैठक में इसका निर्णय लिया गया। दरअसल 18 मई को 2024-25 वर्ष का ऑडिट रिपोर्ट तैयार नहीं होने के कारण AGM स्थगित कर दिया गया था। CoM के निर्णय के अनुसार 10 अगस्त को ऑडिट रिपोर्ट के अलावा विभिन्न सिलेक्शन सब कमिटी के प्रारूप पर भी आम सभा की सहमति ली जाएगी। CoM की बैठक में चुनाव के बाद नंदू पटेल द्वारा HC में दाखिल याचिका पर JSCA का पक्ष मजबूती से रखने के लिए राजीव सिंह को जिम्मेवारी सौंपी गई। बायलॉज के अनुसार सभी सदस्यों को 9 दिन का क्लियर नोटिस दिया जाना अनिवार्य है, इसलिए 31 जुलाई या 1 अगस्त को ईमेल के जरिए AGM की जानकारी और एजेंडा सभी सदस्यों को भेजा जाएगा।
रणजीत सिंह के खिलाफ मिली जांच रिपोर्ट भी आम सभा के समक्ष रखी जाएगी
sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है CoM की बैठक में ये भी निर्णय हुआ कि JSCA के आजीवन सदस्य रणजीत सिंह और उनकी कंपनी द्वारा मिथ्या और भ्रामक जानकारी देकर स्टेडियम और कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) के संसाधनों की बुकिंग से जुड़े मामले में जांच समिति की रिपोर्ट भी आम सभा के समक्ष रखी जाएगी। पता हो कि इस संबंध में मीडिया रिपोर्ट आने के बाद JSCA और CCC ने पूरे मामले की जांच के लिए दो अलग अलग जांच कमिटी बनाई थी और दोनों ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।







