EXCLUSIVELY ONLY ON sportsjharkhand.com
sportsjharkhand.com टीम
रांची
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की कार्यप्रणाली केे विरोध में आवाज बुलंद करनेवालों को किनारे लगाने की साजिश को मूर्त रूप देते हुए एक दर्जन से ज्यादा आजीवन सदस्यों को संघ विरोधी कार्य करने का आरोप लगाते हुए शो-काॅज नोटिस थमा दिया गया है। sportsjharkhand.com को जेएससीए के उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को सचिव के हस्ताक्षर से जेएससीए के पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, झारखंड बीजेपी के संगठन मंत्री दीपक प्रकाश, पूर्व सांसद व वरीष्ठ भाजपा नेता अजय मारू, पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह, भास्कर दास गुप्ता, जेवीएम प्रवक्ता सरोज सिंह, प्रवीण देवघरिया समेत एक दर्जन से ज्यादा लोगों को नोटिस भेजा गया है। जेएससीए के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार सभी आजीवन सदस्यों के उपर संघ की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए सार्वजनिक बयान जारी करने, बैठक का आयोजन करने और नयी कमिटी की छवि धुमिल करने का आरोप लगाया गया है सभी को 31 जुलाई की दोपहर तक अपना पक्ष रखने की डेडलाइन तय की गयी है।
4 का निकाला जाना तय, बाकी पर थोड़ी जीच बरकरार !
sportsjharkhand.com को मिली जानकारी के अनुसार जिन पांच सदस्यों को नोटिस थमाया गया है उनमें से 4 सदस्यों प्रवीण सिंह, दीपक प्रकाश, सरोज सिंह और प्रवीण देवघरिया को संघ से बाहर निकाले जाने का निर्णय जेएससीए को पर्दे के पीछे से चलानेवालों ने ले लिया है। अगस्त के पहले पखवाड़े में मैनेजमेंट कमिटी के कठपुतलियों और मौनमोहनों की होनेवाली बैठक में निकाले जाने की औपचारिकता पूरी करने के आदेश भी दे दिए गए है। जबकि अजय मारू समेत अन्य सदस्यों को लेकर थोड़ी जीच बरकरार है।
25 मई के फैसले पर तामिला 17 जुलाई को
JSCA मैनेजमेंट कमिटी की 25 मई को हुई बैठक में कुछ आजीवन सदस्यों को बाहर निकाले जाने का फैसला लिया गया था और इस दिशा में अग्रतर कार्रवाई के लिए सचिव पिंटू दा को अधिकृत किया गया था। लेकिन ऐसा प्रतित होता है कि पिंटू दा की अति व्यस्तता के कारण 25 मई को लिए गए फैसले पर अमलीजामा पहनाने में 55 दिन का वक्त लग गया ! इस संदर्भ में पिंटू दा का पक्ष लेने के लिए उनके मोबाइल नंबर 943****851 पर कई बार बात करने की कोशिश की गयी लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
सवाल पूछने पर नोटिस थमाने का रिवाज !
सवाल पूछे जाने पर बाहर निकाले जाने के लिए कुख्यात जेएसीसीए में पिछले 15 वर्षों के दौरान जिसने भी नेतृत्व के क्रियाकलापों के संदर्भ सवाल पूछा है, उसे येन-केन प्रकारेण संघ से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। हाथों की अंगुलियों पर इसके अपवादों को भी गिना जा सकता है। लेकिन बाहर निकाले जाने वालों की संख्या कई गुणा है।





