रांची
टीम sportsjharkhand.com |
शुक्रवार से शुरू हो रही महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों के लिए आयोजन समिति के द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। सभी पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को ऑल प्लेस एक्सेस एक्रीडिएशन कार्ड उपलब्ध कराया गया है। इसमें पूरे स्टेडियम परिसर में कहीं भी बैठकर मैच देखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वैसे सभी पूर्व खिलाड़ियों के बैठने की व्यवस्था VVIP एरिया के ठीक बगल में विशेष तौर पर की गई है। पूर्व खिलाड़ी अपनी सुविधानुसार किसी भी गेट से इंट्री और एग्जिट कर सकते हैं।
पहली बार पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए इस तरह की व्यवस्था की गई है जिससे सकारात्मक संदेश का प्रवाह हुआ है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने आयोजन समिति द्वारा की गई इस पहल का दिल खोलकर अभिवादन किया है। पता हो कि पहले के बड़े खेल आयोजनों के दौरान पूर्व खिलाड़ियों के साथ दोयम दर्जे के व्यवहार की शिकायतें मिलती रही थी और आयोजन समिति ने इससे सबक लेते हुए एक अनुकरणीय पहल की है।
विशेष मुहिम चलाकर सभी पूर्व खिलाड़ियों को दिया गया एक्रीडियेशन कार्ड
एक पखवाड़े पहले से विशेष तौर पर पूर्व खिलाड़ियों को चिन्हित कर उनका डिटेल्स (तस्वीर व आधार कार्ड) लेकर ससमय सभी को एक्रीडियेशन कार्ड उपलब्ध कराया गया। इसके लिए आयोजन समिति की ओर से कुछ लोग विशेष तौर पर लगाए गए थे।
हॉकी के साथ हमेशा पूर्व खिलाड़ी जुड़े रहें और वह हॉकी की बेहतरी के लिए काम करते रहें। कोई भी पूर्व खिलाड़ी छुटे नहीं, इसे लेकर विशेष टीम बनाई गई। इसके बावजूद अगर किन्ही का कार्ड नहीं बना है या छूट गया हों तो उनके लिए तुरंत व्यवस्था की जाएगी।
विजय शंकर सिंह, महासचिव, हॉकी झारखंड |