| रांची |
पिछले तीन वर्षों से जिला तीरंदाजी संघों द्वारा चुनाव कराए जाने की मांग पर आखिरकार झारखंड तीरंदाजी संघ (JAA) के पदाधिकारी नींद से जाग गए और 25 जुलाई को सत्र 2026-30 के लिए चुनाव का ऐलान कर दिया। चुनाव में अध्यक्ष के 1, वरीय उपाध्यक्ष के 3, उपाध्यक्ष के 4, महासचिव के 1, संयुक्त सचिव के 5 और कोषाध्यक्ष के 1 पद के लिए चुनाव होंगे। चुनाव की सारी प्रक्रिया अध्यक्ष अर्जुन मुंडा के सर्कुलर रोड स्थित आवास पर पूरी की जाएगी। चुनाव में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों की सूची भेजने के लिए 15 जुलाई की दोपहर 3 बजे तक का वक्त मुकर्रर किया गया है। जिला तीरंदाजी संघ को 2 व मान्यताप्राप्त संस्थाओं को 1 प्रतिनिधि भेजने का निर्देश दिया गया है। जिला संघों व मान्यता प्राप्त संस्थाओं के अध्यक्ष द्वारा लेटर पैड पर मुहर लगे नाम को ही इलेक्टोरल रोल में शामिल किया जाएगा। संभावना है कि 15 जुलाई के बाद इलेक्टोरल अफसर के नाम की घोषणा की जाए।
2018-19 में हुआ था पिछला चुनाव
झारखंड तीरंदाजी संघ (JAA) का पिछला चुनाव वर्ष 2018-19 में हुआ था। चुनाव के बाद अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया तब संघ के संरक्षक अर्जुन मुंडा को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस लिहाज से चार साल का कार्यकाल 2022-23 में ही खत्म हो गया। आश्चर्य की बात है कि जिस राज्य से राष्ट्रीय अध्यक्ष हो वहां पिछले 3 वर्षों से चुनाव का नहीं होना अकर्मण्यता की पराकाष्ठा है।
चुनावी घोषणा के बाद संबद्धता शुल्क की याद आई
चुनावी घोषणा के 12 दिन बाद महासचिव को याद आया कि वर्ष 2026-27 का संबद्धता शुल्क की याद आई और एक पत्र जारी कर दिया। इलेक्टोरल रोल के लिए नाम भेजने की आखिरी तारीख 15 जुलाई मुकर्रर है लेकिन संबद्धता शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई की रात 12 बजे तय की गई है। इस विरोधाभाषी डेडलाइन से चुनावी प्रक्रिया पर संशय की स्थिति पैदा हो गई है कि वास्तविक इलेक्टोरल कॉलेज 15 जुलाई की शाम 3 बजे के बाद बनेगा या 20 जुलाई को।
कुछ पदों पर चुनाव के आसार
JAA के अंदरखाने की माने तो इस बार अगर अकर्मण्य व नाकाबिल पदाधिकारी संघ पर थोपे गए तो चुनाव की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। क्योंकि पिछले 7 वर्षों के दौरान संघ के निर्णय में सामूहिकता का अभाव दिखा और कुछ लब्ध प्रतिष्ठित पदाधिकारियों ने टीम सिलेक्शन में भी जमकर मनमानी और बेईमानी की। इसको लेकर जोरदार विरोध की तैयारी है। इलेक्टोरल कॉलेज तैयार होने के बाद तस्वीर कुछ हद तक साफ होगी।







