| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन दिखाया है। भारतीय टीम इस चैंपियन ट्रॉफी में एक भी मैच नहीं हारी और लगातार शानदार प्रदर्शन किया। इस टीम में शामिल झारखंड की बेटी निक्की प्रधान, सलीमा टेटे और संगीता कुमारी का प्रदर्शन शानदार रहा। रविवार को भारतीय टीम फाइनल मुकाबले में जापान से भिड़ी और इस मैच को 4-0 से जीत लिया और खिताब पर कब्जा किया। बताते चलें कि 7 साल बाद इस खिताब को भारत ने जीता है। इस मैच का लुफ्त उठाने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,खेल मंत्री हफीजुल हसन, विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो, कई वीआईपी और वीवीआईपी भी पहुंचे और टीम को बधाई दी। मौके पर सीएम ने मेन्स हॉकी टीम के खिलाड़ियों के साथ स्टेडियम में घूम – घूम कर दर्शकों का अभिवादन भी किया।


कम रौशनी (टेक्निकल ईसू) की वजह से फाइनल मुकाबला 45 मिनट देर से शुरू हुई….
भारत की इस संस्करण में सात मैचों में यह लगातार सातवीं जीत थी। भारतीय टीम के लिए संगीता कुमारी ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छह गोल किए जबकि चीन की जियाकी झोंग सात गोल के साथ टॉप स्कोरर रहीं।


स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम के प्रत्येक खिलाड़ियों को तीन-तीन लाख रुपये और प्रत्येक सपोर्ट स्टाफ को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।


राउंड रॉबिन लीग चरण के आधार पर खेले गए इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें भाग ले रही थीं। इनमें मेजबान भारत के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें शामिल थीं। लीग चरण के बाद अंकतालिका की टॉप-4 टीमों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। भारत ने इससे पहले, साल 2016 में यह खिताब अपने नाम किया था। भारतीय टीम 2013 और 2018 में रजत पदक जीत चुकी है।




परिणाम
भारत-विजेता
जापान-उपविजेता
प्लेयर ऑफ द मैच
दीप ग्रेस एक्का
राइजिंग स्टार संगीता कुमारी
मिनट टू मिनट…
फाइनल मुकाबला शुरू होते ही भारतीय टीम आक्रामक तरीके से शुरुआत की और मैच के 17वें मिनट में संगीता ने फील्ड गोल दाग भारत को 1-0 से आगे कर दिया। पलटवार करते हुए जापान की टीम 22वें मिनट में गोल किया। लेकिन यह गोल वैलिड गोल नही हो सका। भारतीय कप्तान ने वीडियो रेफरल लिया और इस गोल को फ़ाउल करार दिया गया। यह बढ़त भारत का पहला हाफ तक बरकरार रहा। दूसरे हाफ में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिये भारत ने दूसरा गोल 46वें मिनट में किया। ये गोल नेहा ने दागा। भारत का स्कोर 2-0 पर हुआ, 52वें मिनट में जापान को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला। लेकिन कप्तान (गोलकीपर )सबिता पुनिया ने जबरदस्त तरीके से गोल होने से बचा लिया। 57वें मिनट में भारत ने अपना तीसरा गोल पेनाल्टी कॉर्नर के जरिये दागा। इस गोल को लालरिम शियामि ने किया और भारत का स्कोर 3-0 पर हो गया। 60वें मिनट में वंदना कटारिया ने फील्ड गोल दाग स्कोर 4-0 पर कर दिया। इसी के साथ भारत ने इस मैच को जीत लिया और खिताब पर कब्जा किया।
पेनाल्टी स्ट्रोक जापान 1
पेनाल्टी कार्नर.…
भारत-4
जापान-4


क्षमता से अधिक दर्शकों को स्टेडियम के अंदर कराया गया प्रवेश,जबकि 200 पासधारियों को नही मिला मैच देखने का मौका
फाइनल मुकाबला देखने मोरहाबादी स्टेडियम की ओर मानो पूरा शहर उमड़ गया था। भीड़ को कंट्रोल करने लिए पुलिस ने बल का भी प्रयोग किया। स्टेडियम के बाहर दर्शकों ने हंगामा भी किया है। स्टेडियम के अंदर क्षमता से अधिक लोगों को ना चाह कर भी प्रवेश कराना जिला प्रशासन की मजबूरी बन गई थी। वहीं लगभग 200 पासधारी इस मैच को नही देख पाएं क्योंकि उन्हें भी स्टेडियम के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।




स्टेडियम के बाहर दर्शकों की हुजूम उमड़ी और मजबूरन लोगों को मोरहाबादी में लगे एलईडी स्क्रीन पर मैच देखना पड़ा। मैच शुरू होने के पहले हाफ के पहले क्वाटर तक दर्शक गेट के बाहर गेट खुलने का इन्तेजार करते नजर आएं।




स्टेडियम के अंदर चली भारतीय हॉकी टीम की हॉकी स्टिक तो बाहर चली पुलिस की लाठियां
लगे मुर्दाबाद के नारे
एक तरफ स्टेडियम के अंदर भारतीय महिला खिलाड़ियों की हॉकी स्टिक चल रही थी। गोल पर गोल दागे जा रहें थे। तो वहीं दूसरी तरफ स्टेडियम के बाहर पुलिस की लाठीयां चल रही थी। भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए पुलिस ने खेल प्रेमियों पर जमकर लाठियां भांजी। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, इसकी सूचना है।


दरअसल 4 बजे ही स्टेडियम दर्शकों से भर चुका था। लेकिन बाहर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था। हर कोई इस फाइनल मैच को देखने के लिए उत्साहित थे और इसी बीच स्टेडियम के अंदर जाने के लिए भीड़ बेकाबू हुई। काफी देर संयम बरतने के बाद पुलिस के जवान अपना आपा खो बैठे और लाठियां बरसाई। कुछ देर मोरहाबादी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।







