| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
उड़न परी पीटी उषा भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की पहली महिला अध्यक्षा बनने जा रही हैं। रविवार को नामांकन पत्र जमा करने के आखिरी दिन तक अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ और सिर्फ पीटी उषा ने ही नामांकन भरा है। ऐसे में नामांकन पत्रों की जांच के बाद पीटी उषा आइओए की अध्यक्षा बन जाएंगी। इसी तरह वरीय उपाध्यक्ष के एक पद के लिए अजय पटेल और कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए सहदेव यादव ने नामांकन किया। इन पदों पर भी किसी और ने नामांकन नहीं किया और अजय पटेल और सहदेव यादव का क्रमशः वरीय उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष बनना भी तय हो गया है। इसके अलावा उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए तीन नामांकन हुआ है। संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए चार नामांकन और एक्जीक्यूटिव कांउसिल के छह पदों के लिए 14 नामांकन किए गए हैं। ऐसे में आसार है कि इन पदों पर चुनाव होंगे लेकिन तीन दिसंबर तक नामांकन वापसी की तिथि है अगर सर्वसम्मति बनती है तो चुनाव की नौबत नहीं आएगी। तस्वीर तीन दिसंबर को ही साफ हो पाएगी।
संविधान बदलते ही खिलाड़ियों ने जमाया IOA पर कब्जा
नए संविधान के अनुसार दस खिलाड़ियों की जगह इलेक्टोरल कॉलेज में जगह मिलते ही IOA पर खिलाड़ियों ने एक तरह से कब्जा जमा लिया है। नामांकन दाखिल करनेवालों की सूची देखने से स्पष्ट है कि आइओए पर मठाधिशों की बजाए पूर्व व वर्तमान खिलाड़ियों का कब्जा तय हो गया है। अध्यक्ष पर पीटी उषा, उपाध्यक्ष के पद पर गगन नारंग, संयुक्त सचिव के लिए कल्याण चौबे और कार्यकारिणी समिति के लिए योगेश्वर दत्त और डोला बनर्जी जैसे नामचीन खिलाड़ियां ने नामांकन किया है।
जिन लोगों ने नामांकन किया
अध्यक्ष (एक पद) : पीटी उषा
वरीय उपाध्यक्ष (एक पद) : अजय एच पटेल
उपाध्यक्ष (दो पद) : राजलक्ष्मी सिंहदेव, अलकनंदा अशोक, गगन नारंग
कोषाध्यक्ष (एक पद) : सहदेव यादव
संयुक्त सचिव (दो पद) : अलकनंदा अशोक, शालिनी ठाकुर चावला, सुमन कौशिक, कल्याण चौबे
एक्जीक्यूटिव काउंसिल मेंबर (6 पद) :
साइरस पोंचा, ले ज हरपाल सिंह, भूपेन्द्र सिंह बाजवा, रोहित राजपाल, अमिताभ शर्मा, शालिनी ठाकुर चावला, प्रशांत कुशवाहा, परमिंदर सिंह ढिंढसा, दिग्विजय चौटाला, हरजिंदर सिंह, शिवा केशवन, डोला बनर्जी, योगेश्वर दत्त







