भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने साफ कर दिया है कि विश्वव्यापी कोरोना संकट के बावजूद 36वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन आगामी 20 अक्टूबर से 4 नवंबर 2020 तक गोवा में होगा। IOA ने NGOC सचिवालय को पत्र लिखकर समस्त तैयारियां तय समय पर पूरी कर लेने का निर्देश दिया है। IOA महासचिव राजीव मेहता के हस्ताक्षर से जारी इस इस पत्र के बाद राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर लगाए जा रहे अटकलों पर विराम लग गया है। पता हो कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर NGOC सचिवालय ने IOA से कोरोना महामारी के मध्येनजर बार-बार मार्गदर्शन मांगा था और आग्रह किया था कम से कम तीन माह पहले हमें डेट कन्फर्म कर सूचित करें। जिससे कि तैयारियां पूर्ण करने में दिक्कत न हों।
ग्रीन ज़ोन में है गोवा, इसलिए दिक्कत नहीं
IOA ने जो पत्र NGOC सचिवालय को लिखा है, उसमें साफ-साफ कहा गया है कि कोरोना महामारी के दौरान गोवा ग्रीन ज़ोन में है। इसलिए खेल आयोजन के लिए आखिरी चरण की तैयारियों में कोई बाधा नहीं आएगी। आधारभूत संरचना के जो थोड़े बहुत कार्य शेष हैं उन्हें भी जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया है।
ज्यादातर राज्य ओलंपिक संघ की तैयारियां शून्य
अगर तय समय पर राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होता है तो kovid19 से लड़ रहे कई राज्यों के ओलंपिक संघों के सामने विकट स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। झारखंड समेत ज्यादातर राज्यों में खिलाड़ी घरों में बैठे हैं। दिल्ली-बंगलोर समेत कई जगहों पर बेसिक ट्रेनिंग की छूट दी गई है। लेकिन ज्यादातर खिलाड़ी आज भी घरों में हैं। झारखंड में खेल निदेशालय को ओलंपिक संघ ने क़वालीफाईड खिलाड़ियों की लिस्ट तक उपलब्ध नहीं कराई है, तैयारियों की कौन पूछे। ऐसे में इस बात की प्रबल संभावना है कि कहीं गोवा में होनेवाला 36वां राष्ट्रीय खेल अधिकारियों व खेल प्रशासकों का पिकनिक स्पॉट बनकर न रह जाए।







