| रांची |
खेल निदेशालय का “खेला” जारी है। लगभग दो माह पहले शुरू की गई 24 खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में शनिवार को साक्षात्कार का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 55 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। खास बात ये रही की साक्षात्कार के दौरान फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, बैडमिंटन व वॉलीबॉल के विशेषज्ञ तो इंटरव्यू बोर्ड में मौजूद रहे लेकिन तीरंदाजी और कबड्डी के विशेषज्ञों की अनुपस्थिति में ही अभ्यर्थियों का साक्षात्कार संपन्न हुआ। विशेषज्ञों की अनुपस्थिति के कारण तीरंदाजी और कबड्डी के प्रशिक्षकों से उनके खेल से जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जगह स्पोर्ट्स साइंस से जुड़े सवालों को पूछकर ही साक्षात्कार संपन्न किया गया। जानकारी के अनुसार तीरंदाजी के 4 पदों के लिए 11 और कबड्डी के 1 पद के लिए 3 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया।
एक अभ्यर्थी ऑनलाइन हुआ शामिल लेकिन ऑनलाइन विशेषज्ञ नहीं ढूंढ पाया निदेशालय
जानकारी के अनुसार इंटरव्यू बोर्ड ने तीरंदाजी के एक अभ्यर्थी का साक्षात्कार तो ऑनलाइन ले लिया लेकिन पूरे देश से तीरंदाजी का एक विशेषज्ञ तक नहीं ढूंढ पाए। जानकारी मिली है कि निदेशालय की ओर से एक दो विशेषज्ञों को अप्रोच किया गया था लेकिन वे व्यस्तता के कारण शामिल नहीं हो पाए।
सेंटर फॉर एक्सीलेंस की खुली पोल, तीन प्रशिक्षक पहुंचें साक्षात्कार देने
साक्षात्कार के दौरान राज्य सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी प्रशिक्षण केंद्रों की पोल भी खुल गई। रांची और दुमका में अवस्थित तीन विभिन्न सेंटर फॉर एक्सीलेंस सेंटर के तीन प्रशिक्षक साक्षात्कार के लिए पहुंचे। रांची के तीरंदाजी सेंटर फॉर एक्सीलेंस की डी साईस्वरी, रांची के हॉकी सेंटर फॉर एक्सीलेंस के आदम होरो और दुमका तीरंदाजी सेंटर फॉर एक्सीलेंस के सुमित कुमार मिश्रा ने साक्षात्कार दिया। दरअसल सेंटर फॉर एक्सीलेंस में लगभग 25-30 हजार रुपए में काम कर रहे प्रशिक्षक अगर निदेशालय की इस नियुक्ति प्रक्रिया में सफल होते हैं तो उन्हें लगभग 62 हजार रुपए मिलेंगे।
24 प्रशिक्षकों की होनी है नियुक्ति
खेल निदेशालय ने 24 प्रशिक्षक नियुक्त किए जाने का विज्ञापन निकाला है जिसमें फुटबॉल के 11 तीरंदाजी के चार एथलेटिक्स के 3 हॉकी और बैडमिंटन के 2-2 तथा वॉलीबॉल व कबड्डी में 1-1 प्रशिक्षक नियुक्त किए जाने हैं सभी प्रशिक्षकों की नियुक्ति के लिए शनिवार को साक्षात्कार लिया गया। एक-दो दिनों में मेरिट लिस्ट जारी हो जाने की पूरी संभावना है।







