| रांची
SPORTSJHARKHAND.com EXCLUSIVE |
एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन में हुए भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की बजाय पिछले 9 माह से लीपापोती में कैसे जुटा है खेल निदेशालय – भाग 3
पिछले 9 माह 17 दिन से खेल निदेशालय के कर्मठ अधिकारियों ने अपने पूर्ववर्ती अधिकारियों के कुकृत्यों पर पर्दा डालने में जुटे हैं। यही कारण है कि उपरोक्त आयोजन के दौरान वेंडरों के खिलाफ विस्तृत जांच और राशि की वसूली की दिशा में अब तक की कार्रवाई शून्य के काफी करीब है। इस स्थिति का सबसे बड़ा कारण ये है कि एक प्रमोटी IAS वर्तमान खेल निदेशक संदीप कुमार आखिरकार डायरेक्ट IAS पूर्व खेल निदेशक सुशांत गौरव और उनकी टीम के कुकर्मों के खिलाफ कार्रवाई कैसे करे ? आज हम पाठकों को बता रहे हैं कि जांच समिति ने खेल निदेशालय को क्या क्या कार्रवाई करने को कहा था और पिछले 9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय आखिर क्यों शुतुरमुर्ग की तरह रेत में अपना सिर गाड़े बैठा है।
प्वाइंट नंबर 1
जांच समिति ने कहा : जांच/समीक्षा के क्रम में यह तत्व भी प्रकाश में आया है की मेसर्स बीके ट्रैवल्स द्वारा उपलब्ध कराई गई 14 इनोवा क्रिस्टा वाहनों द्वारा आयोजन अवधि में लगभग चार किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज एजेंसी द्वारा स्वयं लिए गए ईंधन एवं मेसर्स श्याम सर्विस सेंटर द्वारा कूपन के माध्यम से दी गई ईंधन के आधार पर दिया गया है। जो वर्तमान समय में व्यावहारिक नहीं है, जिला परिवहन पदाधिकारी रांची द्वारा निर्धारित दर के आधार पर इसकी भी समीक्षा किया जाना आवश्यक है।
9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : अभी तक पत्राचार की औपचारिकता भी शुरू नहीं हो पाई है।
प्वाइंट नंबर 2
जांच समिति ने कहा : जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची द्वारा उपलब्ध कराई गई 10 स्कॉर्पियो वाहन में से कतिपय वाहन स्कॉर्पियो नहीं है, बल्कि अन्य गाड़ियां हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई उक्त 10 स्कॉर्पियो वाहनों का कीड़ा निदेशालय रांची द्वारा भौतिक सत्यापन नहीं कराया गया। इस पर क्रीडा निदेशालय से वस्तु स्थिति स्पष्ट कराई जा सकती है।
9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : अभी तक पत्राचार की औपचारिकता भी शुरू नहीं हो पाई है।
प्वाइंट नंबर 3
जांच समिति ने कहा : मेसर्स बीके ट्रैवल्स द्वारा उपलब्ध कराए गए लॉग बुक के अनुसार सभी इनोवा क्रिस्टा वाहनों के लिए नाइट हाल्टिंग चार्ज (Rs 1600/ per night for 17 Days) भी समर्पित विपत्र में जोड़ा गया है। क्रीड़ा निदेशालय द्वारा भुगतान से पूर्व जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची कार्यालय से निर्धारित दर प्राप्त किए जाने का कोई पत्र/साक्ष्य की उपलब्ध कराए गए अभिलेख में अनुपलब्धता के मध्य नजर नाइट होल्डिंग चार्ज की अनुमान्यता स्पष्ट नहीं है। नाइट हाल्टिंग चार्ज के भुगतान की पुनर्समीक्षा करते हुए अधिकाई भुगतान की स्थिति में क्रीड़ा निदेशालय के द्वारा संबंधित राशि का समायोजन कराया जाना अपेक्षित है।
9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : अभी तक पत्राचार की औपचारिकता भी शुरू नहीं हो पाई है।
प्वाइंट नंबर 4
जांच समिति ने कहा : बीके ट्रैवल्स के प्रोपराइटर के रूप में बृजेश कुमार सिंह दर्शाया गया है। इस पर क्रीड़ा निदेशालय द्वारा जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची के माध्यम से मेसर्स बीके ट्रैवल्स के प्रोपराइटरशिप ऐड्रेस, जीएसटी नंबर का बंद होना, फिटनेस, इंश्योरेंस आदि का सत्यापन करवाते हुए विभाग को सत्यापन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जा सकता है।
9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : पत्राचार की औपचारिकता निभा दी गई है।
प्वाइंट नंबर 5
जांच समिति ने कहा : मेसर्स अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को निर्गत कार्यादेश से अधिक अवधि का सत्यापन/जस्टिफिकेशन प्राप्त नहीं होने की स्थिति में अधिकारी भुगतान का समायोजन क्रीड़ा निदेशालय द्वारा संबंधित एजेंसी से अभिलंब करने की कार्रवाई किया जाना अपेक्षित होगा।
9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : पत्राचार की औपचारिकता निभा दी गई है।
प्वाइंट नंबर 6
जांच समिति ने कहा :
निविदा समिति/क्रय समिति द्वारा निर्धारित 51 सामग्रियों के लिए निविदित दर पर कार्य में लिए गए Additional Days के साथ-साथ Extra Works (कुल 22) के दरों/कार्यावधि की भी पुनर्समीक्षा क्रीड़ा निदेशालय द्वारा किए जाने की आवश्यकता है
9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : खेल निदेशालय और SAJHA के कुछ कर्मी पिछले एक पखवाड़े से कागजों को छानने का काम करने में जुटे हैं।
प्वाइंट नंबर 7
जांच समिति ने कहा : क्रीड़ा निदेशालय द्वारा उपलब्ध कराई गई संचिका/अभिलेख में JSSPS/SAJHA में कार्यरत कमांडो इंडस्ट्रिल प्राइवेट लिमिटेड के स्टाफ की विवरणी एवं अटेंडेंस रजिस्टर उपलब्ध नहीं है। जांच समिति का मंतव्य है कि इस बिंदु पर JSSPS/SAJHA से इसकी संपुष्टि करा लिया जाए की कमांडो इंडस्ट्रियल प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा आयोजन अवधि में लगाए गए कर्मी उक्त अवधि में उनके कार्यालय में भी कार्यरत थे अथवा नहीं। उक्त अवधि हेतु संबंधित कर्मियों को कर्मियों को कहीं भुगतान का दोहरीकरण तो नहीं हुआ है।
9 माह 17 दिन में खेल निदेशालय के अधिकारियों ने क्या किया : इस विषय पर कार्रवाई की कौन कहे, पूर्व में पदस्थापित एक कुख्यात ASO के यहां एजेंसी के दो कर्मियों को “नौकर” के काम पर लगा दिया गया है और भुगतान SAJHA कर रहा। ये वही ASO हैं जिनकी सेवा खेल विभाग ने कार्मिक विभाग को ये कहते हुए वापस कर दी थी कि इतने काबिल कर्मी की जरूरत इस विभाग को नहीं।
उपरोक्त विषयों के अलावा भी कई बिंदुओं पर जांच समिति ने विस्तृत जांच और वसूली का निर्देश दिया है लेकिन 9 माह 17 दिन बाद भी कार्रवाई सिफर से आगे नहीं बढ़ पाई है।
उपरोक्त विषयों पर वर्तमान खेल निदेशक संदीप कुमार से उनके आधिकारिक ईमेल और व्हाट्सएप पर पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई भी उत्तर अप्राप्त है।
——————————————————–
शुक्रवार को विशेष सीरीज के भाग-4 में पढ़िए
जांच समिति की रिपोर्ट के बाद विभाग और खेल निदेशालय ने नैसर्गिग न्याय के सिद्धांत “No One Can Be A Judge In His Own Case” की कैसे उड़ाई धज्जियां
सिर्फ और सिर्फ SPORTSJHARKHAND.com पर







