| रांची टीम sportsjharkhand.com |
आपकी इच्छा के विपरित अगर आपको किसी ऐसी-वैसी-जैसी-तैसी कमिटी का सदस्य सिर्फ आपके पद के कारण बनाया जा रहा हो जो सचेत हो जाईये ! अन्यथा कमिटी के सदस्य की हैसियत से किए गए कुछ हस्ताक्षर आपके भविष्य के लिए आत्मघाती हो सकते हैं। विश्वास न हो रहा हो तो साई सैग सेंटर मोरहाबादी के प्रभारी पदाधिकारी रहे एथलेटिक्स कोच एच एल दास के मामला को ही देख लें। 19 अप्रैल 2008 को कला, संस्कृति, खेलकूल एवं युवा कार्य विभाग ने प्रभारी पदाधिकारी, साई, रांची को राष्ट्रीय खेल आयोजन के लिए क्रय की जानेवाली विशिष्ट सेवाओं के निविदा निष्पादन के लिए बनाई गई विशेष समिति का सदस्य बनाया गया। ये महज संयोग ही था कि एच एल दास उस वक्त साई सेंटर मोरहाबादी के प्रभारी पदाधिकारी थे और उन्होंने कई टेंडरों की प्रक्रिया में बतौर सदस्य हिस्सा लिया व दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इन हस्ताक्षरों की कीमत एच एल दास को 71 वर्ष की उम्र में जेल जाकर चुकानी पड़ रही है। इसलिए हस्ताक्षर करने से पहले बार-बार सोचें हजार बार सोचें अन्यथा 13 साल बाद जेल जाना भी पड़ सकता है।
बाद में कमिटी की बैठकों में जाना बंद किया
एच एल दास 2008 के दौरान जारी किए गए लगभग आधे दर्जन टेंडर की प्रक्रिया में सदस्य की हैसियत से शामिल हुए। इसके बाद अज्ञात कारणों से उन्होंने दूरी बना ली। टेंडर प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों पर उनके नाम तो हैं लेकिन उनके हस्ताक्षर नहीं हैं। एच एच दास के बाद जो भी साई प्रभारी पदाधिकारी बने उन लोगों ने भी राष्ट्रीय खेल के लिए जारी विभिन्न टेेंडर प्रक्रिया से खुद को दूर ही रखा।
एचएल दास बनाए गए अप्राथमिक अभियुक्त
निगरानी में मामला 2010 में दर्ज हुआ लेकिन प्राथमिकी में एच एल दास का नाम नहीं था। कुछ नामजद आरोपियों ने टेंडर कमिटी के सदस्यों व विभागीय मंत्री पर कार्रवाई करने संबंधी पत्र निगरानी को लिखा। फलस्वरूप 2018-19 टेंडर कमिटी के सदस्य रहे लोगों से पूछताछ हुई और टेंडर कमिटी मंे शामिल एच एल दास समेत, पीके चैधरी, अजीत लुईस लकड़ा, सुविमल मुखोपाध्याय व सुकदेव सुबोध गांधी को भी अप्राथमिक अभियुक्त बनाकर चार्ज-शीट दायर कर दी गयी।


उपर की तस्वीर में ⇑
टेंडर कमिटी के जिन सदस्यों के नाम के आगे लाल घेरा है उनपर पीड़क कार्रवाई की तलवार लटक रही है
जिनके सामने हरा घेरा है वो जमानत पर हैं या न्यायिक हिरासत में हैं
जिनके सामने ब्लू घेरा है उनका देहांत हो चुका है
9 जुलाई 2021 को भेजे गए जेल
एसीबी की अदालत व उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बाद एच एल दास ने 9 जुलाई को अदालत के समक्ष उपस्थित हुए जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एच एल दास से पहले नामजद अभियुक्त पीसी मिश्रा, एस एम हाशमी व मधुकांत पाठक तथा अप्राथमिक अभियुक्त बंधु तिर्की भी राष्ट्रीय खेल घोटाले में न्यायिक हिरासत में रह चुके हैं। उपरोक्त सभी आरोपी अभी जमानत पर हैं जबकि अन्य आरोपियों पर भी न्यायिक हिरासत/गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है।
बचा जा सकता था इन परिस्थितियों से
एच एल दास एथलेटिक्स के कोच थे। इवेंट मैनेजमेंट, कैटरिंग, एक्रीडियेशन, हाउस कीपिंग, सैनिटेशन, ट्रांसपोर्ट आदि जैसे विषयों से जुड़े टेंडर पर एचएल दास ये कहकर बच सकते थे कि मेरी इन विषयों पर मेरी विशेषज्ञता नहीं है। इस लिए मैं हिस्सा नहीं बनुंगा, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और परिणाम सामने है। अभी भी खेल विभाग में समय-समय पर कई कमिटियां बनायी जाती हैं और उनमें शामिल सदस्य भी वही गलती दोहराते आ रहे हैं, जो गलती एच एल दास ने 2008-9 में की थी। आप सभी को भी एच एल दास जी के साथ हुए हश्र से कुछ सीखने की जरूरत है। प्रवचन सिर्फ अपनी विशेषज्ञता के विषयों पर ही दें अन्यथा देर-सवेर ही सही लाल घर के चुंबकीय आकर्षण से बचना मुश्किल हो सकता है।







