| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के बाद अब सितंबर में संभावित कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। JSCA का सत्ताधारी दल जहां एक ओर CCC चुनाव में सर्वसम्मति बनाने के प्रयास में जुटा है वहीं CCC के कोषाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में दूसरा दल सभी पदों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में जुटा है। इस ग्रुप की अध्यक्षता भानु प्रताप सिंह कर रहे हैं जबकि सूत्रधार की भूमिका अर्चित आनंद निभा रहे हैं। भानु ग्रुप CCC के सदस्यों के साथ पिछले एक पखवाड़े के अंदर तीन-चार बैठक कर चुका है। फोन पर भी जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और अन्य जिलों के सदस्यों का मन लगातार टटोला जा रहा है। ग्रुप पैनल बनाने में जुटा है और सभी 13 पदों पर उम्मीदवार देने की तैयारी है।
“सत्ता के संतुलन और लोकतांत्रिक व्यवस्था बने रहने के लिए विपक्ष की मजबूत उपस्थिति जरूरी है। विपक्ष के कमजोर होते ही व्यवस्था “तानाशाही” की ओर बढ़ जाती है, इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्था बहल रखने के लिए हमलोग चुनाव मजबूती से लड़ेंगे।”
भानु प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष, CCC
JSCA के सत्ताधारी दल की ओर से सुनील साहू हो सकते हैं अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
चर्चा है कि CCC के चुनाव में JSCA के सत्ताधारी दल की ओर से सुनील साहू अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हो सकते हैं अगर राजेश वर्मा बॉबी की सत्तालोलुपता नहीं जागी तो। चर्चा का बाजार गर्म है कि JSCA चुनाव में समर्थन देने की एवज में राजीव बधान को CCC के सचिव पद का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। पता हो कि CCC की गवर्निंग काउंसिल में कुल 15 सदस्य होते हैं, इनमें से अध्यक्ष और अन्य 12 सदस्यों का चुनाव लाइफ मेंबर और परमानेंट मेंबर करते हैं। इन्हीं 12 निर्वाचित सदस्यों में से उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और संयुक्त कोषाध्यक्ष का चुनाव होता है। JSCA के अध्यक्ष और सचिव भी CCC की गवर्निंग काउंसिल के परमानेंट इन्वाइटी होते हैं। CCC में 455 लाइफ मेंबर 325 परमानेंट मेंबर हैं जिन्हें मतदान का अधिकार है बशर्ते कोई बकाया न हो। इसके अलावा लगभग 110 सर्विस मेंबर, 100 टेंपररी मेंबर, 2 प्रिविलेज्ड मेंबर और 8 ऑनररेरी मेंबर भी CCC के सदस्य हैं, जिन्हें मतदान का अधिकार नहीं है।
JSCA के पूर्व पदाधिकारियों का “रेस्ट हाउस” बन चुका है CCC
2012 में निबंधित CCC पिछले 13 वर्षों के दौरान JSCA से हटे या हटाए गए पदाधिकारियों के “रेस्ट हाउस” के रूप में तब्दील हो चुका है। JSCA में अपनी पारी खत्म कर चुके राजेश वर्मा बॉबी पिछले तीन वर्ष से CCC के अध्यक्ष पद पर विराजमान हैं। अब सचिव पद पर JSCA से कूलिंग ऑफ में चले गए कोषाध्यक्ष राजीव बधान की नजर है। इससे पहले राजेश वर्मा बॉबी 2012 से 2018 तक और राजीव बधान 2012 से 2022 तक CCC के डायरेक्टर भी रह चुके हैं।







