| रांची |
झारखंड एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता – भाग 1
एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन के दौरान एक ओर तो भारतीय महिला टीम मैदान पर अपना परचम लहरा रही थी वहीं दूसरी ओर खेल निदेशालय के अधिकारी भी सरकारी कागजों पर प्रशासनिक और वित्तीय अनियमिताओं का एक नया अध्याय रच रहे थे। आयोजन हेतु आवश्यक विविध सामग्रियों की सेवाओं को किराए के आधार पर लेने के लिए 30 सितंबर 2023 को निविदा संख्या 14/2023-24 निकाली गई। M/S Ajmani Infrastructure and Projects Pvt Ltd (आजमानी इंफ्रा) के वित्तीय दस्तावेजों में मनमाफिक फेरबदल कर L 1 बताते हुए काम एलॉट कर दिया गया। काम अलॉटमेंट के बाद भुगतान भी कर दिया गया लेकिन इस बीच सरकार के कोष को 23,47,417 (23 लाख 47 हजार 417 रुपया) रुपया का चूना लग गया।
निविदा/क्रय समिति की ऐसी रही मोडस ऑपरेंडी
दरअसल खेल निदेशक के हस्ताक्षर से जारी टेंडर की शर्त 3 के अनुसार
3. वित्तीय बीड लिफाफा में उपर्युक्त खेल उपकरणों हेतु प्रति इकाई दर (सभी कर सहित) स्पष्ट शब्दों में अंकित होनी चाहिए।
इसी के अनुसार आजमानी इंफ्रा ने GST सहित अपना रेट कोट किया। (देखें तस्वीर में ब्लू घेरा) साफ साफ लिखा है कि Total Rate Inclusive of GST


लेकिन पहले पन्ने पर Total Rate Inclusive of GST लिखने के बाद आजमानी इंफ्रा ने आखिरी पन्ने पर खेला कर दिया। Total Rate Inclusive of GST के ऊपर भी 18 प्रतिशत GST जोड़ दिया। (तस्वीर में ब्लू घेरा देखें)


निविदा/क्रय समिति को नियमानुसार आजमानी इंफ्रा की इस गलती पर उसे टेंडर प्रोसेस से बाहर कर देना चाहिए था, नहीं तो कम से कम इस गलती के आधार पर कारण पृच्छा कर उसे कार्यवाही में दर्ज किया जाना था। आश्चर्यजनक रूप से ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और इसी डबल GST के रेट पर आजमानी इंफ्रा को पहले काम एलॉट किया गया और फिर 1,53,88,622 (एक करोड़ 53 लाख 88 हजार, 622 रुपए) रुपए का भुगतान भी कर दिया गया। इससे सरकार के कोष को 23.47 लाख रुपए का नुकसान हो गया।
निविदा/क्रय समिति ने आजमानी इंफ्रा को L 1 बनाने के लिए 51 में से 44 आईटम का रेट बदल डाला
आजमानी इंफ्रा को काम दिलाने के लिए खेल निदेशक की अध्यक्षता वाली निविदा/क्रय समिति ने की कई प्रशासनिक अनियमितताएं की। आजमानी इंफ्रा ने 51 सामग्रियों के लिए वित्तीय रेट कोट किया था। इनमें से 44 सामग्रियों का रेट प्रति इकाई गणना के दौरान निविदा/क्रय समिति ने बदल डाली। इस बदलाव के कारण जो आजमानी इंफ्रा L 4 होने के कगार पर थी उसे L 1 बना काम एलॉट कर दिया गया। आजमानी इंफ्रा ने जो वित्तीय दस्तावेज जमा कराए, उनके ज्यादातर रेट में एक दशमलव डाल निविदा/क्रय समिति ने खेला कर दिया। उदाहरण से ऐसे समझें कि आजमानी इंफ्रा ने डस्टबिन का रेट 15 रुपए डाला था लेकिन निविदा/क्रय समिति ने इसे 1.5 रुपए कर दिया। ऐसे ही आजमानी इंफ्रा के 34 आईटम में निविदा/क्रय समिति ने दशमलव लगा L 1 बना डाला। (देखें दस्तावेज)






प्रति इकाई गणना में क्रय समिति ने कर दिया खेला
7 अक्टूबर को टेंडर कमिटी की बैठक की कार्यवाही का पैरा 5 में लिखा है
5. M/S Ajmani Infrastructure and Projects Pvt Ltd, द्वारा निविदा/क्रय समिति के सामने यह स्पष्ट किया गया कि उनके द्वारा क्रम संख्या 41 से 51 में अंकित सामग्रियों का कर्णांकित दर 1 दिन के लिए है ना कि पूरे आयोजन अवधि के लिए। जिसके बाद निविदा/क्रय समिति द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी निविदादाताओं द्वारा समर्पित वित्तीय दर को प्रति इकाई (Per Unit) के आधार पर गणना कर L 1 का निर्धारण किया जाए। (देखें तस्वीर में लाल घेरा)


कार्यवाही के 5वें पारा को सही माने तो क्रमांक 42 पर दर्ज आईटम का Per Unit दर 8,50,000 रुपए होना चाहिए था लेकिन निविदा/क्रय समिति ने इसे मनमाफिक 1,06,250 रुपए दर्ज कर दिया। आजमानी इंफ्रा द्वारा दर्ज रेट में क्रमांक संख्या 38, 41, 46, 48, 49, 50 और 51 को छोड़कर सभी दरों में निविदा/क्रय समिति ने मनमाफिक बदलाव किए गए।
| क्या कहते हैं जिम्मेवार अधिकारी
खेल निदेशक सह टेंडर समिति के अध्यक्ष सुशांत गौरव से व्हाट्सएप और आधिकारिक ईमेल पर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। 4 दिन गुजर जाने के बाद भी उनका पक्ष नहीं मिल पाया है। टेंडर कमिटी के दो अन्य सदस्य पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव धर्मेंद्र कुमार दीक्षित और खेल निदेशालय के उप निदेशक मनीष कुमार का पक्ष भी व्हाट्सएप पर लेने का प्रयास किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिल पाया। ईमेल पर सवालों की सूची विभागीय मंत्री हफीजुल हसन और सचिव मनोज कुमार को भी आधिकारिक ईमेल पर प्रेषित की गई है। कहीं से कोई जवाब नहीं मिल पाया है।
|
बैठक की कार्यवाही में दर्ज शब्द और निविदा/क्रय समिति द्वारा की गई कार्रवाई में इतना विरोधाभास क्यों ? इसके बाद थामी गई चुप्पी के बाद समझना ज्यादा कठिन नहीं है
सोमवार को लोकसभा चुनाव के बाद मंगलवार को जारी रहेगी हमारी ये खास पेशकश
बने रहिए sportsjharkhand.com
के साथ







